‘बिग बॉस 17’ विनर स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी ने शो में अपने अफेयर्स को लेकर खूब सुर्खियां बटोरी थी। उन्हें को-कंटेस्टेंट समर्थ जुरेल ने वुमनाइजर का टैग भी दे दिया था। शो के बाद मुनव्वर की लाइफ में किसी मिस्ट्री गर्ल को लेकर चर्चे हो ही रहे थे कि अब उन्होंने एक तस्वीर शेयर कर सबको हिंट दे दिया है।
अभिषेक कुमार की पार्टी में मुनव्वर एक लड़की के साथ नजर आए थे। जिसे लेकर कहा जा रहा है कि वो मिस्ट्री गर्ल मुनव्वर की लवर है। हालांकि इसका कोई सबूत सामने नहीं आया था। लेकिन मुनव्वर ने अब अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें वह एक लड़की का हाथ थामे नजर आ रहे हैं। तस्वीर में केवल दोनों के हाथ दिख रहे हैं। इतना ही नहीं मुनव्वर ने तस्वीर के साथ रोमांटिक गाना और एक दिल भी लगाया। कुछ घंटों बाद मुनव्वर ने वो स्टोरी डिलीट कर दी।
सोशल मीडिया पर इसका स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर यूजर्स तरह-तरह के कमेंट्स कर रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि वह मन्नारा को दिखाने के लिए ऐसी पोस्ट डाल रहे हैं। वहीं कुछ का कहना है कि मुनव्वर की लाइफ में कोई नई लड़की आ चुकी है। कुछ लोगों का ये भी कहना है कि शो के बाद आयशा और मुनव्वर वापस साथ आ गए हैं। हालांकि अब तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है कि कॉमेडियन की लाइफ में ये लड़की कौन है?
शो में लगे थे गंभीर आरोप
मुनव्वर फारूकी लंबे समय से नजीला सिताशी को डेट कर रहे थे और शो में भी वह उसका जिक्र किया करते थे। तभी शो के बीच में आयशा खान वाइल्ड कार्ड एंट्री बनकर आईं और उन्होंने मुनव्वर पर धोखा देने का आरोप लगाया। इसके बाद ये भी खुलासा हुआ कि मुनव्वर और नजीला का काफी पहले ही ब्रेकअप हो चुका था। लेकिन आयशा को डेट करने के समय वह नजीला के साथ भी टॉकिंग टर्म्स में थे।
मुनव्वर ने आयशा के सभी आरोपों को स्वीकार किया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर भी उनके खिलाफ जमकर ट्रोलिंग शुरू हुई। आयशा को भी लोगों ने खूब ट्रोल किया। लोगों का कहना था आयशा मुनव्वर के नाम पर फुटेज लेने के लिए शो में गई हैं, लेकिन शो के आखिरी पड़ाव पर पहुंचने के बाद मुनव्वर ने खुद कहा कि उन्होंने आयशा के साथ गलत किया है।