साइबर क्राइम को लेकर तमाम तरह की चेतावनी हमें दी जा रही हैं। हमें अपनी व्यक्तिगत डिटेल और OTP किसी के साथ साझा करने से मना किया जा रहा है। हालांकि साइबर क्रिमिनल नए-नए तरीके अपनाकर लोगों के अकाउंट से पैसा निकालने में कामयाब हो रहे हैं। अभिनेता अन्नू कपूर भी ठगी का शिकार हो गए हैं। उनके अकाउंट से ठगों ने 4.36 लाख रूपये निकाल लिए।

अन्नू कपूर हो गए ठगी का शिकार

जानकरी के अनुसार, ठगों ने बैंक कर्मचारी बनकर अन्नू कपूर को कॉल किया था। उन्होंने KYC अपडेट कराने को लेकर कुछ डिटेल्स मांगी और इसके बाद उन्होंने OTP भी मांग ली। अन्नू कपूर की तरफ से OTP भी शेयर कर दिया गया। इसके बाद उनके अकाउंट से 4.36 लाख रूपये दो अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिए गए। जब अन्नू कपूर को अपने साथ हुए ठगी के बारे में जानकारी मिली तो उन्हें पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस ने लिया एक्शन, अकाउंट किया सीज

जिन दो खातों में पैसे भेजे गए, पुलिस द्वारा उन्हें सील करवा दिया गया है और खाता धारकों से सम्पर्क करने की कोशिश की जा रही है। अन्नू कपूर की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आईटी अधिनियम की धारा 419, 420 और धारा 66 (सी) (डी) के तहत मामला दर्ज किया गया। सही समय पर मदद मिलने पर अनू कपूर ने पुलिस कर्मियों को धन्यवाद कहा है।

दो खातों में भेज दिए गए पैसे

ओशिवारा थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मनोहर धनावडे के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक सकुंडे और पुलिस उप निरीक्षक कुरकुटे की टीम ने तत्काल सूचना के आधार पर HSBC बैंक से संपर्क किया। जिसमें उन्हें पता चला कि पैसे केनरा और यूनियन बैंक के खातों में भेज गए हैं। पुलिस ने दोनों बैंक खातों को सीज कर 3 लाख 8 हजार रुपये बरामद किए हैं।

दो घंटे के अन्दर की शिकायत तो वापस मिल सकती है रकम

बता दें कि पुलिस के अनुसार, यदि कोई साइबर फ्रॉड पीड़ित, दो घंटे के भीतर पुलिस से संपर्क करता है, जिसे गोल्डन आवर्स कहा जाता है। ऐसे में उसके पैसे के वापसी की संभावना अधिक होती है क्योंकि पुलिस, बैंक के नोडल अधिकारियों की मदद से संदिग्ध बैंक खातों अस्थायी रूप से फ्रीज कर सकती है और आपके पैसे आपको मिल सकते हैं।