किसान आंदोलन पर रिहाना और मिया खलीफा जैसे विदेशी सेलेब्स के ट्वीट के बाद सियासी घमासान मच गया है। जहां, विदेश मंत्रालय ने इस पूरे मामले पर बयान जारी किया तो वहीं तमाम बॉलीवुड सेलेब्स ने भी आड़े हाथों लिया और कहा कि ये दखलंदाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी है। इसमें अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, अनुपम खेर जैसे बड़े एक्टर्स शामिल थे। इसी कड़ी में अब महाभारत एक्टर मुकेश खन्ना का भी बयान सामने आया है। मुकेश खन्ना ने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह कह रहे हैं कि वो लोग हमारे देश के बारे में बात कर रहे हैं जिन्हें यहां के बारे में कोई अंदाजा नहीं हैं, जो 50 करोड़ रुपए एक गाने का लेते हैं, वे क्या जानें किसानों का दर्द।

अपनी पोस्ट में मुकेश खन्ना कहते हैं- मैंने पिछली बार कहा कि किसान आंदोलन ने अपना रूप बदल लिया है। लेकिन अब तो उसके इंटरनेशनल तेवर दिखने लगे हैं। किसी ने कहा कि सरकार नहीं सुन रही पर दुनिया संज्ञान ले रही है। कौन सी दुनिया? पॉप कल्चर की दुनिया, पोर्न फ़िल्मों की दुनिया। जी हां यहीं से ट्वीट्स आए हैं समर्थन के। पॉप स्टार रिहाना , पोर्न स्टार मियां ख़लीफ़ा, पर्यावरण एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग, यहां तक कि कनाडा के PM तक ने अपना समर्थन जता दिया आंदोलन के पक्ष में।

उन्होंने गुस्साते हुए आगे कहा- ‘पहली बात तो ये कि ये सभी बाहरी लोग हैं, जिनका हमारे साथ कोई लेना देना नहीं। सो बोलने का इन्हें कोई हक़ नहीं। इन्हें ना जानकारी है ना इनकी कोई क्रेडिबिलिटी। इनमें से किसी ने अपने हाथों एक गमला भी शायद नहीं लगाया होगा। इनमें एक 50 करोड़ एक गाने का लेती हैं। ये किसानों का दर्द क्या जानें।

महाभारत के एक्टर ने कहा- ‘ये किसानों के नहीं, पैसों के भक्त हैं। हो सकता है एक-एक ट्वीट के लिए इन्हें एक-एक करोड़ मिले हों। ये संस्था चलाते हैं, ये सोशल वर्क करते होंगे। लेकिन ज़मीनी हक़ीक़त से ये सभी करोड़ों मील दूर हैं। इन्हें कोई हक़ नहीं हमारे अंदरूनी मामलों में टांग अड़ाने का।

मुकेश खन्ना ने आगे कहा- ‘इनमें से एक ग्रेटा की जल्दबाज़ी से इनका सारा प्लान लीक हो गया है। इनके पीछे अंतरराष्ट्रीय साज़िश चलाने वाली संस्था, ट्विटर और वाट्सअप द्वारा किसान आंदोलन के पक्ष में साइबर अटैक करवाने वाली थी और तो और आंसू बहाने वाले इनके अवसरवादी किसान नेता 6 फरवरी को देश में चक्काजाम करने की धमकी दे रहे हैं। चक्कर ही चक्कर है भाई। कुछ तो करना ही पड़ेगा।