हिंदी सिनेमा जगत में मिथुन चक्रवर्ती (Mithun Chakraborty) का अहम योगदान रहा है। उन्होंने अपने करियर में एक से बढ़कर एक बेहतरीन फिल्मों में काम किया है। एक्टिंग करियर की शुरुआत में उन्हें काफी संघर्षों का सामना करना पड़ा था। आज वो भले ही फिल्मों में नजर सपोर्टिंग कैरेक्टर्स में कभी-कभार नजर आ जाते हैं लेकिन फिल्म इंडस्ट्री के इतिहास में उनका भी एक जमाना था। उनके नाम का सिक्का चलता था। उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत ‘मृगया’ से की थी। ऐसे में अब सिनेमा में उनके योगदान के लिए एक्टर का नाम दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड के लिए चुना गया है। इसके लिए पीएम मोदी की ओर से भी उन्हें बधाई दी गई है।

दरअसल, मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार देने का ऐलान केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया है। उन्होंने एक्स यानी कि ट्विटर पर पोस्ट शेयर करके इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, ‘ये ऐलान करते हुए गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं कि दादा साहेब फाल्के सेलेक्शन जूरी ने फैसला किया है कि ये अवॉर्ड लेजेंड्री एक्टर मिथुन चक्रवर्ती को उनके इंडियन सिनेमा में आइकॉनिक योगदान के लिए दिया जाएगा। उन्हें ये सम्मान 70वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स सेरेमनी में 8 अक्टूबर को दिया जाएगा।’

पीएम मोदी ने दी बधाई

मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार मिलने के ऐलान के बाद पीएम मोदी ने भी उन्हें एक्स पर पोस्ट शेयर करके बधाई दी है। उन्होंने लिखा, ‘खुशी है कि मिथुन चक्रवर्ती को इंडियन सिनेमा में दिए गए योगदान के लिए दादा साहेब अवॉर्ड से सम्मानित किया जा रहा है। वह कल्चर आइकन हैं। उन्होंने अपनी शानदार परफॉर्मेंस कई जेनरेशन को प्रभावित किया है।’

मिथुन चक्रवर्ती ने दिया रिएक्शन

मिथुन चक्रवर्ती ने अवॉर्ड के ऐलान के बाद ANI से बात की और इसे लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने बात करते हुए कहा, ‘मेरे पास शब्द नहीं है। मुझे समझ नहीं आ रहा कि मैं हंसू या रोऊं। ये मेरे जैसे इंसान के लिए बहुत बड़ी बात है। मैं फुटपाथ से लड़कर आया हूं। मैं कोलकाता के ब्लाइंड लेन से आया हूं। उस लड़को को इतना बड़ा सम्मान, मैं सच में ये सोच भी नहीं सकता हूं। बस इतना कह सकता हूं कि ये मैं अपनी फैमिली और मेरे दुनियाभर के मेरे फैंस को डेडिकेट करता हूं।’

मिथुन चक्रवर्ती ने दी थी पहली 100 करोड़ी फिल्म

गौरतलब है कि मिथुन चक्रवर्ती ने फिल्मों में आने से पहले काफी गरीबी के दिन देखे हैं। फिल्मों में आने के बाद भी उनका संघर्ष कम नहीं हुआ था। फिल्मों में एंट्री करने के बाद शुरुआती दिनों में एक्टर ने कई रातें सड़कों पर गुजारी हैं। कइयों बार ऐसा हुआ है कि उन्हें भूखे पेट सोना पड़ा था। 80 के दशक में ‘मृगया’ से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाले एक्टर की किस्मत फिल्म ‘डिस्को डांसर’ से चमकी थी। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। इसी मूवी से उन्हें फैंस ने डिस्को डांसर का भी टैग दिया था। वो फिल्म इंडस्ट्री के पहले ऐसे एक्टर हैं, जिन्होंने डिस्को किया था।

इतना ही नहीं, मिथुन चक्रवर्ती के नाम एक और रिकॉर्ड दर्ज हैं। आज भले ही एक्टर्स की फिल्में 100 करोड़ और 1000 करोड़ का कारोबार कर रही हैं लेकिन, ये बात बहुत कम ही लोग जानते होंगे कि मिथुन ही सिनेमा जगत के इतिहास में वो नाम हैं, जिसने पहली बार 100 करोड़ कमाने वाली हिट फिल्म दी थी। उनकी फिल्म ‘डिस्को डांसर’ ने 100 करोड़ का बिजनेस कर इतिहास रच दिया था और इस रिकॉर्ड को अपने नाम किया था।