बॉलीवुड सिंगर मीका सिंह और राखी सावंत का साल 2006 का विवाद एक बार फिर से चर्चा में आ गया है। सिंगर मीका सिंह ने राखी सावंत द्वारा दर्ज करवाई गई छेड़छाड़ की शिकायत को रद्द करने के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। वह अब एक्ट्रेस को कथित तौर पर जबरन किस करने के 17 साल पुराने मामले को रद्द कराना चाहते हैं।
मीका के वकील का कहना है कि उन्होंने और राखी ने मिलकर सुलह कर ली है। दोनों ने इस मामले को आराम से सुलझा लिया है, इसलिए अब सिंगर इस मामले को अब रद्द करना चाहते हैं। मालूम हो कि मीका सिंह ने साल 2006 में अपनी बर्थडे पार्टी में सभी के सामने राखी सावंत को बिना उनकी मर्जी के किस कर लिया था।
दोनों ने आपस में सुलझाया मामला
मीका सिंह के वकील ने यह याचिका सोमवार 10 अप्रैल को न्यायमूर्ति एएस गडकरी और न्यायमूर्ति पीडी नाइक की खंडपीठ के समक्ष सुनवाई के लिए आई। राखी सावंत के वकील आयुष पासबोला ने कोर्ट को बताया कि राखी अपने काम में वयस्त हैं, लेकिन दोनों ने ये विवाद सुलझा लिया है। इसलिए उनके द्वारा जो FIR दर्ज की गई थी।
उसे रद्द करने में कोई दिक्कत नहीं है। वहीं राखी के वकील ने कोर्ट को यह भी बताया कि FIR रद्द करने की सहमति से संबंधित एक हलफनामा आया था लेकिन वो हाई कोर्ट के रजिस्ट्री विभाग में गुम हो गया, इसलिए उसका पता नहीं चल सका। पीठ ने इसके बाद उन्हें अगले सप्ताह तक नया हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है।
मीका सिंह के वकील ने भी रखा अपना पक्ष
वहीं सिंगर मीका सिंह के वकील फाल्गुनी ब्रह्मभट ने कोर्ट के सामने कहा कि पिछले 17 सालों से यह मामला अटका हुआ है। मीका सिंह के खिलाफ आरोप-पत्र दायर किया जा चुका है, लेकिन आरोप तय किए जाने बाकी हैं। मीका के वकील ने आगे कहा कि मीकासिंह और सावंत ने उस बात को भुला दिया हैं और अपने मुद्दे सुलझा लिए हैं।
क्या था मामला
बता दें कि साल 2006 में मीका सिंह ने अपने बर्थडे पार्टी में राखी सावंत को बिना उनकी मर्जी के किस किया था। जिसके बाद राखी सावंत ने उनके खिलाफ केस दर्ज करवाया था। इसके बाद उन्हें छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया था।