जाने माने बॉलीवुड सिंगर मीका सिंह अब जल्द ही अपने जीवन साथी की तलाश शुरू करने वाले हैं। विवादों से गहरा नाता रखने वाले गायक मीका सिंह जल्द ही टेलीविजन पर अपना स्वयंवर रचाने वाले हैं। देशभर के लोगों को अपने गानों पर नचाने वाले मीका अब अपनी बारात की तैयारियां करने में जुट गए हैं। आए दिन किसी न किसी वजह से सुर्खियों में रहने वाले सिंगर इस बार अपने स्वयंवर को लेकर चर्चा में हैं। इस बीच उनके स्वयंवर को लेकर एक नया गाना रिलीज कर दिया गया है। जिसमें मीका सिंह अपनी पसंद बताते हुए नजर आ रहे हैं।
मीका को चाहिए ऐसी वोटी: रिलीज किए गए गाने में मीका सिंह एक पंजाबी दूल्हे के लुक में नजर आ रहे हैं। गाने की भाषा पंजाबी है जिसमें मीका कह रहे हैं कि वह इंडिया में अपने लिए एक सोढ़ी कुड़ी ढूंढ रहे हैं। सिंगर के साथ पंजाबी से लेकर बंगाली, मराठी और राजपूतानी तक कई लड़किया दुल्हन के गेटअप में डांस करती हुई दिख रही हैं।
यह सिंगर कर रहे हैं शो होस्ट: मीका सिंह के स्वयंवर मीका दी वोटी को जाने माने सिंगर शान होस्ट करने वाले हैं। सिंगर शान ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में बताया कि वह मीका का स्वयंवर हॉस्ट करने के लिए बहुत बेताब हैं। साथ ही शान ने ये दावा किया है कि वह जिम्मेदारी लेने के लिए सबसे सही व्यक्ति हैं। हम आपको बता दें कि सिंगर शान 14 साल बाद टीवी शो हॉस्ट करेंगे। इससे पहले 2008 में उन्होंने रियलिटी शो वॉइस ऑफ इंडिया-2 को होस्ट किया था।
कपिल हुए थे स्वयंवर के लिए रवाना: हाल ही में कपिल शर्मा ने सोशल मीडिया पर प्राइवेट जेट की तस्वीरें शेयर की थी। कपिल शर्मा मीका सिंह के स्वयंवर के लिए रवाना हुए थे, साथ ही कपिल ने बताया था कि उन्हें मीका को लेकर एक बात की चिंता सता रही है। पोस्ट को शेयर करते हुए कपिल ने मजेदार कैप्शन देते हुए लिखा था, ‘भाई मीका पाजी का स्वयंवर अटेंड करने जोधपुर जा रहा हूं। खर्चा काफी हो गया है। डर इस बात का है कहीं दूल्हा ना मुकर जाए।’
दुल्हन खोजेंगे मीका: मीका सिंह के स्वयंवर की बात करें तो यह एक रियलिटी शो हैं जिसमें मीका सिंह अपनी परफेक्ट ब्राइड की खोज करेंगे। यह शो 19 जून से स्टार भारत पर प्रसारित किया जाएगा।