14 जुलाई 2023 यानी आज का दिन भारत के लिए बड़ा दिन था। Isro ने आज 2 बजकर 35 मिनट पर चंद्रयान 3 लॉन्च किया है। सभी लोग इस दिन पर गर्व महसूस करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस पल के वीडियो को शेयर कर हर कोई अपनी खुशी जाहिर कर रहा है। लेखक मनोज मुंतशिर ने भी ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया, लेकिन यूजर्स ने उनकी खिंचाई करना शुरू कर दिया।
दरअसल मनोज ने टीवी स्क्रीन पर चंद्रयान 3 की लॉन्चिंग देखते हुए एक वीडियो शेयर किया। जिसमें वह अपनी टीम के साथ खड़े होकर वंदे मातरम के नारे लगाते दिख रहे हैं। इस वीडियो के कैप्शन में मनोज ने लिखा,”तेरे आसमां पर चंद्रमा जब तक रहे कायम, झुकने नहीं देंगे कभी मां शीश तेरा हम” वन्दे-भारतम!” मनोज मुंतशिर के इस ट्वीट पर लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया।
इस वजह से हुए ट्रोल
दरअसल मनोज मुंतशिर इस वक्त बहुचर्चित फिल्म ‘आदिपुरुष’ को लेकर विवादों में घिरे हुए हैं। फिल्म के जिन डायलॉग्स को लेकर विवाद चल रहा है उन्हें मनोज ने ही लिखा है। मनोज मुंतशिर पर आरोप है कि उन्होंने फिल्म में अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करके हिंदु धर्म और धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाई है। ऐसे में मनोज ने चंद्रयान 3 के लॉन्च को देश के लिए गर्व का पल बताया है तो लोगों ने उन्हें ट्रोल कर दिया।
यूजर्स के कमेंट्स
इंस्टा अमेजिंग बिश्नोई नाम के ट्विटर हैंडल से लिखा गया,”आपने आदिपुरूष फिल्म बनाने के लिए 700 करोड़ बर्बाद कर दिए और isro ने 615 करोड़ में चंद्रयान 3 को बनाकर सारे हिंदुस्तान को गौरवान्वित कर दिया है।” रंधावा इंडिया फर्स्ट नाम के यूजर ने लिखा,”मेरा तो इसरो के वैज्ञानिकों से निवेदन था कि मुंतशिर को चंद्रयान के किसी कोने में बैठा कर चंद्रमा पर ही भेज दो। इनकी सही जगह वहीं पर है। ताकि चंदा मामा इनको थोड़ी सी अक्ल और समझ दे दें।” लिट्टी चोखा नाम के हैंडल से लिखा गया,”ये सब ड्रामा नहीं चलेगा। आने वाले मूवी के लिए माहौल बना रहे हो। अब कोई फर्क नहीं पड़ने वाला।”