मणिपुर पिछले कुछ समय से लगातार विवादों में है। वहां से कभी हिंसा को लेकर खबरें सामने आ रही हैं तो कभी जातिगत मतभेद की खबरें मीडिया में है। यहां महिलाओं के साथ शोषण का मामला भी काफी तूल में था। ऐसे में अब वहां के लोकल फेमस सिंगर को लेकर खबर सामने आ रही है कि उसको किडनैप कर लिया गया है। सिंगर का नाम अखु चिंगंगबम बताया जा रहा है। घटना को लेकर बताया जा रहा है बदमाश हथियारबंद थे और उन्होंने सिंगर की पत्नी और मां पर बंदूक तान दी थी। इसके बाद उन्होंने घटना को अंजाम दिया था।
‘आजतक’ की रिपोर्ट के हवाले से कहा जा रहा है कि घटना को लेकर पुलिस की ओर से कहा गया कि बदमाशों ने 29 दिसंबर को अखु चिंगंगबम को किडनैप किया है। वो पूर्वी इंफाल के खुरई के रहने वाले हैं। वो वहां के इंफाल टॉकीज नाम के लोकल बैंड के फाउंडर भी हैं। अखु एक सिंगर और गीतकार ही नहीं बल्कि सोशल वर्कर भी हैं और अपने नेक कामों के लिए काफी पॉपुलर हैं। इसके अलावा वो सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं। खुद से जुड़ी इंस्टाग्राम पर कोई ना कोई पोस्ट शेयर करते रहते हैं।
MTV इंडिया के म्यूजिकल टीवी शो का रह चुके हिस्सा
बहरहाल, अगर अखु चिंगंगबम की लाइफ के बारे में बात की जाए तो उनका असली नाम रोनिद चिंगंगबम है। MTV इंडिया के म्यूजिकल टीवी शो The Dewarists का भी हिस्सा रह चुके हैं। इसके अलावा सिंगर एक बार तब चर्चा में आए जब उनके एक्सीडेंट को लेकर खबरें मीडिया में आईं। साल 2016 में वर्ल्ड म्यूजिक डे पर एक एक्सीडेंट में उनके एक कान में गहरी चोट लग गई थी, जिसके कारण उन्हें सुनाई देना बंद हो गया था।
मणिपुर में हो रही हिंसा
गौरतलब है कि मणिपुर में 3 मई, 2023 से हिंसा चल रही है। राज्य में हर दिन कोई ना कोई वारदात हो रही है। वहां, मैतेई और कुकी समुदाय के बीच हिंसक झड़प चल रही है। मैतेई समुदाय चाहता है कि उसे भी कुकी समाज की तरह ही मणिपुर राज्य में ST का दर्जा दिया जाए। अब इसी बात पर विवाद काफी बढ़ गया है। मैतेई की मांग के बाद कुकी समाज उन पर काफी भड़क गया है, जिस पर खूब विवाद हो रहा है। कुछ महीने पहले ही वहां पर महिलाओं के साथ शोषण का मामला भी सामने आया था, जो काफी चर्चा में रहा और इस पर खूब विवाद हुआ था।