Malaika Arora and Arjun Kapoor Marriage: मलाइका अरोड़ा ने अर्जुन कपूर के लिए अपने प्यार का इजहार खुलेआम कर दिया है। मलाइका ने अर्जुन के जन्मदिन पर न्यूयॉर्क से पहली बार साथ में तस्वीर पोस्ट की थी। अर्जुन संग रिश्ता सार्वजनिक करने के बाद मलाइका को सोशल मीडिया पर भी आलोचनाओं का सामना कर पड़ रहा है। अब पहली बार मलाइका अरोड़ा ने अर्जुन कपूर संग रिश्ते और उम्र के फासले पर चुप्पी तोड़ी है। मलाइका ने बताया है कि अरबाज संग शादी टूटने के बाद वह अंदर से टूट गई थीं, हालांकि अब बहुत खुश हैं।
तलाक के बाद दोबारा प्यार में पड़ने के सवाल पर मलाइका ने कहा, ”यह अनुभव शानदार है! जब मेरी शादी टूटी, उस वक्त मैं किसी दूसरे रिलेशनशिप के बारे में श्योर नहीं थी। मुझे दिल टूटने का डर था। लेकिन मैं प्यार में पड़ना चाहती थी। मैं बहुत खुश हूं कि मैं कर दिखाया।” 10 साल छोटे अर्जुन कपूर को डेट करने को लेकर मलाइका को अक्सर सोशल मीडिया पर ट्रोल होना पड़ता है।
उम्र के फासले पर मलाइका ने कहा, ”उम्र के अंतर से खासा फर्क नहीं पड़ता, जब आप रिलेशनशिप में होते हैं। यह दो लोगों के दिल और दिमाग का मिलन होता है। दुर्भाग्य से हम इस समाज में रहते हैं जहां आज भी इसे स्वीकार नहीं किया जाता। उम्र में लड़की से बड़ा आदमी हर जगह रोमांस कर सकता है लेकिन जब महिला उम्र में बड़ी होती है तो लोग उसे बुड्ढी कहते हैं।”
मलाइका अरोड़ा और अर्जुन कपूर के रिश्ता सार्वजनिक करने के बाद फैन्स को दोनों की शादी का इंतजार है। फिलहाल अर्जुन और मलाइका न्यूयॉर्क में छुट्टियां बिता रहे हैं और दोनों एक-दूसरे की पोस्ट पर कमेंट्स भी कर रहे हैं। मलाइका ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक तस्वीर शेयर की है। जिस पर अर्जुन कपूर ने कमेंट किया- फोटो क्रेडिट। बता दें कि मलाइका और अर्जुन बीते साल से ही रिलेशनशिप को लेकर सुर्खियों में थे। हालांकि दोनों ने अपने रिश्ते पर चुप्पी साध रखी थी।