इस साल एक बहुत ही कम बजट में बनी मलयालम फिल्म आई- द ग्रेट इंडियन किचन। अमेजन प्राइम पर स्ट्रीम हो रही इस फिल्म को लिखा और निर्देशित किया जियो बेबी ने। फिल्म की कहानी देश के अधिकतर घरों की रसोई की कहानी है। इस फिल्म ने बिना हो-हंगामे के भारतीय परिवारों में मौजूद पितृसत्ता को उघाड़ कर रख दिया है।
फिल्म में एक शादीशुदा जोड़ा और उसकी रोजमर्रा की जिंदगी की सामान्य कहानी दिखाई गई है। लेकिन देखते ही देखते फिल्म घरों में मौजूद लैंगिक भेदभाव के मुश्किल सवाल उठाने लगती है। रसोई की जिम्मेदारी कैसे एक महिला के सपनों को मारने लगती है, वह इस फिल्म में बहुत स्वाभाविक तरीके से दिखाया गया है। फिल्म में महिला नृत्य सिखाना चाहती है लेकिन ससुर को बहू का काम करना पसंद नहीं है। पितृसत्ता के नशे में चूर ससुर के मुताबिक महिलाओं का घर पर रहना ही शुभ होता है।