90 के दशक की पॉपुलर एक्ट्रेस भाग्यश्री (Bhagyashree) और सलमान खान (Salman Khan) की जोड़ी एक बार फिर से चर्चा में आ गई है। दोनों एक बार फिर से बड़े पर्दे पर रोमांस करते हुए नजर आने वाली हैं। 35 साल के बाद उनकी फिल्म को एक बार फिर से थिएटर्स में रिलीज किया जा रहा है। इस जोड़ी की सुपरहिट फिल्म को सिनेमाघरों में दोबारा से रिलीज किया जा रहा है। इसका निर्देशन सूरज बड़जात्या ने किया था। 1989 में रिलीज हुई इस फिल्म ने खूब नोट छापे थे। इनकी फिल्म उस समय की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी। ये मूवी कोई और नहीं बल्कि ‘मैंने प्यार किया’ है।

दरअसल, फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ की रिलीज को इस साल 35 साल पूरे हो जाएंगे। इस खास मौके पर मेकर्स ने इसे थिएटर में एक बार फिर से रिलीज करने का प्लान किया है। इसके पहले इम्तियाज अली की फिल्म ‘लैला मजनू’ को रिलीज किया गया था, जो 6 साल पहले फ्लॉप रही थी और अब दोबारा रिलीज के बाद इसने जबरदस्त कमाई की थी। इसी के बाद अब ‘मैंने प्यार किया’ को दोबारा से रिलीज किया जाने का प्लान किया गया है। मेकर्स ने इसकी रिलीज का ऐलान किया है। ये 23 अगस्त, 2024 को दस्तक देगी। ऐसे में इस खास मौके पर आपको फिल्म से जुड़ा किस्सा बता रहे हैं, जब भाग्यश्री, सलमान खान के साथ ऐसा सीन करने की बात सुनकर घबरा गई थीं और रोने लगी थीं। चलिए बताते हैं।

‘मैंने प्यार किया’ के दौरान भाग्यश्री 18 साल की थीं। फिल्म को लेकर एक बार खुद एक्ट्रेस ने बात की थी और उन्होंने बताया था कि वो उस वक्त 18 साल की थीं और रिलेशनशिप में थीं। अपने बॉयफ्रेंड को बेहद चाहती थीं। एक्ट्रेस जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाली थीं। उन्होंने बताया था कि शादी से पहले एक्ट्रेस ने कभी किसी लड़के को गले नहीं लगाया था। इसी दौरान भाग्यश्री ने फिल्म से जुड़े एक सीन के बारे में बताया था, जो कि सलमान खान के साथ फिल्माया जाना था। भाग्यश्री ने बताया था कि डायरेक्टर ने उन्हें फिल्म में एक सीन के बारे में बताया था, जिसमें सलमान खान को गले लगाना और किस करना था। इस सीन को सुनने के बाद वो घबरा गई थीं और फूट-फूटकर रोने लगी थीं।

मेकर्स ने आधे घंटे में निकाला था सॉल्यूशन

भाग्यश्री ने आगे बताया कि डायरेक्टर और सलमान खान ने इस प्रॉब्लम का सॉल्यूशन आधे घंटे तक ढूंढा। बाद में इसका हल सूरज बड़जात्या ने निकाल ही लिया। इस सीन को फिल्माने के लिए सलमान और भाग्यश्री के बीच शीशे की दीवार का इस्तेमाल किया गया था। सलमान ने खुद एक्ट्रेस से इस सीन को फिल्माने के लिए रिक्वेस्ट की थी। वहीं, बताया जाता है कि इस सीन के लिए डायरेक्टर एक्ट्रेस के घर कई बार गए थे।

आपको बता दें कि भाग्यश्री रूढ़िवादी परिवार से ताल्लुक रखती थीं, इसलिए उन्होंने पहली फिल्म में किसिंग सीन देने से मना कर दिया था। उनके पिता ने उन्हें केवल चूड़ीदार कपड़े ही पहनने की इजाजत दी थी। इस फिल्म के लिए उन्होंने पहली बार जींस और वन पीस ड्रेस पहनी थी। इतना ही नहीं, बताया जाता है कि इस फिल्म के लिए सलमान खान को भाग्यश्री से कम फीस मिली थी। इसके लिए सलमान को 30 हजार तो एक्ट्रेस को 1 लाख रुपए बतौर फीस मिले थे।