South Movies On OTT: 5 सितंबर को विजय की फिल्म ‘गोट’ सिनेमाघरों में रिलीज हुई, जिसे लोगों का खूब प्यार मिल रहा है। यह मूवी अच्छा कलेक्शन भी कर रही है। गोट ही नहीं, साउथ की कई और ऐसी फिल्में हैं, जिन्हें लोगों ने काफी प्यार दिया। ऐसे में अगर आप भी साउथ फिल्मों के शौकीन हैं और अल्लू अर्जुन, विजय सेतुपति समेत साउथ स्टार्स की फिल्में देखना पसंद करते हैं।

तो चलिए हम आपको कुछ ऐसी मूवीज के बारे में बताते हैं, जिन्हें आप ओटीटी पर आसानी से देख सकते हैं। इस लिस्ट में महाराजा से लेकर कांतारा तक कई मूवीज शामिल हैं।

महाराजा

14 जून को रिलीज हुई विजय सेतुपति और अनुराग कश्यप स्टारर यह मूवी ब्लॉकबस्टर हुई थी। इस फिल्म को लोगों ने काफी पसंद किया। निथिलन स्वामीनाथन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में देखने को मिला था कि कैसे एक शख्स की लाइफ में तब भूचाल आ जाता है, जब उसकी वाइफ की मौत हो जाती है।

हालांकि, उसकी बच्ची बच जाती है। इसके बाद उसके घर से लक्ष्मी चोरी हो जाती है, जिसके लिए विजय परेशान हो जाते हैं। अब यह लक्ष्मी कौन है, जिसे लेकर एक्टर परेशान है ये आपको फिल्म में ही देखने को मिलेगा। इस मूवी को नेटफ्लिक्स पर देखा जा सकता है।

कांतारा

अगर आपने अभी तक ऋषभ शेट्टी की फिल्म कांतारा नहीं देखी है, तो आप शायद कुछ अच्छा मिस कर सकते हैं। यह मूवी 2022 में रिलीज हुई थी और इस कन्नड़ मूवी को नेशनल अवॉर्ड भी मिल चुका है। इस फिल्म को नेटफ्लिक्स पर देखा जा सकता है।

कैथी

एक्शन थ्रिलर फिल्म कैथी को मास्टरपीस बताया जाता है। 2019 में रिलीज हुई यह मूवी ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। इस मूवी को सोनी लिव पर देखा जा सकता है।

जय भीम

सूर्या स्टारर जय भीम 2021 में रिलीज हुई थी और ये क्राइम थ्रिलर फिल्म है, जिसे लोगों के प्यार के साथ-साथ सबसे ज्यादा रेटिंग भी मिली थी। इस मूवी को प्राइम वीडियो पर देखा जा सकता है।

सुपर डीलक्स

ये भी विजय सेतुपति की फिल्म है, जो 2019 में रिलीज हुई थी। इस थ्रिलर कॉमेडी फिल्म में विजय के साथ सामंथा समेत कई स्टार्स नजर आए थे। इस मूवी को हॉटस्टार पर देखा जा सकता है। इन फिल्मों के अलावा आप अल्लू अर्जुन की पुष्पा, थलापति विजय की बीस्ट जैसी कई फिल्में ओटीटी पर देख सकते हैं।