यशराज बैनर तले बन रही फिल्म सुई धागा को बॉलीवुड के बड़े सितारों का साथ मिल रहा है। फिल्म की प्रमोशन के लिए वरूण धवन और अनुष्का शर्मा ने कई स्टार सेलेब्स को सुई में धागा डालने का चैलेन्ज दिया है। इस चैलेंज को अब तक अक्षय कुमार, शाहरूख खान, रणबीर कपूर, करण जौहर जैसे सितारे कर चुके हैं और हाल ही में माधुरी दीक्षित ने भी इस चैलेन्ज को पूरा करने की कोशिश की। माधुरी डांस दीवाने शो पर शशांक खेतान और तुषार कालिया के साथ मौजूद थीं। तीनों ने सुई में धागा डालने का चैलेन्ज स्वीकार किया। काफी प्रयासों के बाद केवल धड़क के निर्देशक शशांक खेतान ही सुई में धागा डालने में कामयाब रहे। वहीं माधुरी और तुषार कई कोशिशों के बाद भी सुई में धागा नहीं डाल पाए। वरूण ने माधुरी का ये वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया।
गौरतलब है कि वरूण और अनुष्का अपनी इस फिल्म की प्रमोशन के लिए कई दिलचस्प काम कर रहे हैं। वरूण ने हाल ही में अपने पिता के बर्थ डे पर अपने हाथों से एक शर्ट सिल कर दी थी। लगभग तीन घंटों की मेहनत के बाद वरूण ने इस शर्ट को तैयार किया था और ये शर्ट वरूण के पिता और मशहूर डायरेक्टर डेविड धवन को एकदम फिट भी आई थी। इसके अलावा अनुष्का ने भी फिल्म के लिए खास तौर पर एंब्रॉयड्री सीखी थी।
शरत कटारिया द्वारा निर्देशित फिल्म सुई धागा की शूटिंग दिल्ली और मध्यप्रदेश में हुई है। फिल्म 28 सितंबर को देश के विभिन्न सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में वरूण धवन और अनुष्का शर्मा लोअर मिडिल क्लास पति पत्नि का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी एक छोटे से शहर में रहने वाले पति-पत्नी के संघर्ष पर आधारित है। केंद्र सरकार के मेक इन इंडिया थीम से प्रभावित इस फिल्म में यह दिखलाया गया है कि कैसे एक आम इंसान अपनी इच्छाशक्ति और मेहनत के बल पर सफलताएं हासिल कर सकता है।