बॉलीवुड की जानी मानी एक्ट्रेस जूही चावला लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री से दूर हैं। लेकिन वो हाल ही में वह ‘हश हश’वेब सीरीज में नजर आईं थी। उनकी चुलबुली अदाएं और प्यारी सी हंसी के लोग आज भी दिवाने हैं। एक्ट्रेस सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। वह अक्सर कई विषयों पर खुलकर अपनी राय देती नजर आई है।

इसके साथ ही एक्ट्रेस पर्यावरण को लेकर काफी जागरुक रहती हैं। अंतरिम में 5जी टेस्टिंग के खिलाफ बोलने के बाद उनका कोर्ट केस सुर्खियों में रहा था। इसी बीच एक्ट्रेस एक बार फिर अपने ट्वीट को लेकर चर्चा में आ गई हैं। अभिनेत्री ने दक्षिण मुंबई में दूषित हवा को लेकर ट्वीट किया है। जिस पर उपमुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

जूही चावला ने ट्वीट में क्या कहा

एक्ट्रेस जूही चावला ने शनिवार को ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘क्या किसी ने यह नोटिस किया है कि मुंबई की हवा में बदबू आ रही है। पहले यह गंध खाड़ियों (वर्ली और बांद्रा, मीठी नदी के पास गंदे पानी वाले इलाके) के पास गाड़ी चलाते समय आती थी। लेकिन अब यह बदबू पूरे दक्षिण मुंबई में है। यहां एक अजीब रासायनिक प्रदूषण है।’ इसी के साथ जूही ने अपने अगले ट्वीट में लिखा कि ‘ऐसा लगता है कि हम दिन-रात एक सीवर में रह रहे हैं।’

एक बार सोचना चाहिए- फडणवीस

वहीं एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब देवेंद्र फडणवीस से जूही चावला के इस ट्वीट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने एक्ट्रेस के ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि ‘मुंबई एक बड़ा शहर है। यह सच है कि शहर में मूलभूत सुविधाओं का थोड़ा अभाव है। नगर निगम में भ्रष्टाचार के कारण लोगों को कुछ परेशानी उठानी पड़ रही है।’

फडणवीस ने आगे कहा कि ‘अब मुंबई की सरकार बदल गई है। अब मुंबई शहर बदलने जा रहा है। इसलिए मुंबई के बारे में इस तरह से बात बोलना गलत है। मुंबई एक अंतरराष्ट्रीय शहर है, इसलिए मशहूर हस्तियों को इस तरह का बयान देने से पहले एक बार सोचना जरूर चाहिए।’