2024 अपने अंतिम पड़ाव में है। ये साल किसी के लिए अच्छा रहा तो किसी के लिए कुछ खास साबित नहीं हुआ। वहीं, फिल्म इंडस्ट्री में कई सेलेब्स का करियर तो चल पड़ा। कोरोना काल के बाद सिनेमाघरों में बॉलीवुड फिल्मों का बुरा हाल था, जिसके बाद अब हालात काफी हद तक सुधर गए हैं। कोरोना काल के बाद हिंदी सिनेमा का आज के समय में साउथ की फिल्मों से टफ कॉम्पिटिशन रहता है। ऐसे में इस साल यानी कि 2024 में साउथ की कई फिल्में रहीं, जिनकी खूब चर्चा रही। खासकर बातें उनके बड़े बजट को लेकर हुईं। ऐसे में चलिए साल के आखिरी महीने में उन फिल्मों के बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट के बारे में बताते हैं।
कंगुवा
2024 की बहुचर्चित फिल्मों में से ‘कंगुवा’ भी रही थी। इसके जरिए पहली बार बॉलीवुड स्टार बॉबी देओल और सूर्या को एक साथ स्क्रीन शेयर करते हुए देखा गया था। इस फिल्म का बजट करीब 350 करोड़ था। लेकिन, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फिसड्डी साबित हुई थी। सैकनिल्क की रिपोर्ट की मानें तो फिल्म का इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 81.22 करोड़ था। वहीं, इंडिया नेट कलेक्शन 68.8 करोड़ और वर्ल्डवाइड कलेक्शन 104.22 करोड़ था। फिल्म बुरी तरह से बॉक्स ऑफिस पिटी थी।
तंगलान
चियान विक्रम की बहुचर्चित फिल्म ‘तंगलान’ सच्ची घटना से प्रेरित थी, जिसे तमिल समेत हिंदी और अन्य भाषाओं में रिलीज किया गया था। इसका निर्माण बड़े पैमाने पर किया गया था। IMDB के अनुसार फिल्म का बजट 75 करोड़ था, जो कि बजट के जितना पैसा कमाने में भी असफल रही थी। आईएमडीबी की मानें तो इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 72.5 करोड़ रहा था। जबकि फिल्म ने भारत में 45.7 करोड़ का बिजनेस किया था। फिल्म फ्लॉप साबित हुई थी। इसमें चियान विक्रम के साथ ही मालविका मोहनन ने भी अहम रोल प्ले किया था।
इंडियन 2
कमल हासन की फिल्म ‘इंडियन 2’ की इस साल काफी चर्चा रही थी। ये 2024 की बड़े बजट की फिल्मों में से एक रही थी। लेकिन, ये बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुई थी। इसका निर्माण तमिल भाषा में किया गया था और हिंदी समेत कई भाषाओं में रिलीज की गई थी। IMDB के अनुसार, फिल्म का टोटल बजट 225 करोड़ था। इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 148.7 करोड़ था। जबकि इसका इंडिया कलेक्शन 80.2 करोड़ रहा था।
वैट्टेयन
फिल्म ‘वैट्टेयन’ के जरिए अमिताभ बच्चन और रजनीकांत की जोड़ी ने करीब 33 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी की थी। फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स से अच्छा खासा रिस्पांस मिला था। पॉजिटिव रिस्पांस के बाद भी फिल्म और अमिताभ-रजनीकांत की जोड़ी बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाई थी। 165 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म का इंडिया कलेक्शन 130.1 करोड़ था। जबकि, IMDB के अनुसार, वर्ल्डवाइड कलेक्शन 239.5 करोड़ रहा था। फिल्म को एवरेज से भी नीचे आंका गया था। ऐसे में कहा जा सकता है कि मूवी उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाई।
कैप्टेन मिलर
साउथ के पॉपुलर एक्टर धनुष की फिल्म ‘कैप्टन मिलर’ को इस साल 2024 की शुरुआत में ही रिलीज किया गया था। फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं रहा था। एक्शन से भरपूर इस फिल्म की भी काफी चर्चा रही थी लेकिन, ये बॉक्स ऑफिस पर फिसड्डी साबित हुई थी। IMDB के अनुसार फिल्म का बजट 60 करोड़ था और इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 73.5 करोड़ हुआ था। वहीं, फिल्म ने इंडिया में 44.2 करोड़ का बिजनेस किया था।
आपने ये खबर तो पढ़ ली। इसके साथ ही साल के आखिरी महीने के साथ आप एक और खबर पढ़ सकते हैं, जो कि साउथ स्टार्स से जुड़ी है। इस साल 2024 में कई ऐसे स्टार्स रहे, जिनकी डेटिंग की खबरें मीडिया में खूब रही है। इसमें रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा का नाम तो रहा ही है साथ ही कीर्ति सुरेश और सामंथा का नाम भी शामिल है।