लोकसभा चुनाव 2024 सात चरणों में होगा। इसकी तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। ऐसे में बिहार की भागलपुर सीट काफी चर्चा में बनी हुई है। यहां पर अभी तक आरजेडी और कांग्रेस के बीच सीटों का बंटवारा नहीं हुआ है। इसी बीच चर्चा जोरों पर है कि बॉलीवुड एक्ट्रेस नेहा शर्मा भागलपुर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। आपको बता दें कि नेहा बॉलीवुड एक्ट्रेस होने के साथ-साथ बिहार के कांग्रेस नेता और विधायक अजीत शर्मा की बेटी हैं। ऐसे में उन्होंने बेटी के चुनाव लड़ने पर रिएक्शन दिया है। चलिए बताते हैं आखिर अजीत शर्मा ने क्या कहा।

अजीत शर्मा ने एक्ट्रेस बेटी नेहा शर्मा के चुनाव मैदान उतरने को लेकर संकेत दिए थे। इसके बाद एक्ट्रेस के चुनाव लड़ने का बाजार गर्म हो गया था। लगातार कयास लग रहे थे कि वो कांग्रेस के टिकट पर भागलपुर से चुनावी मैदान में उतर सकती हैं। अजीत शर्मा ने कहा था कि अगर कांग्रेस पार्टी को भागलपुर सीट गठबंधन में मिलती है तो वो चाहेंगे कि उनकी बेटी नेहा शर्मा यहां से चुनावी मैदान में आएं। हालांकि, उन्होंने ये भी बताया कि पार्टी चाहती है कि अजीत ही यहां से चुनाव लड़ें तो वो ऐसा ही करेंगे। वो पहले से ही यहां के विधायक हैं।

चुनाव लड़ने पर क्या बोलीं नेहा?

अजीत शर्मा ने बताया कि उन्होंने बेटी नेहा शर्मा से चुनाव लड़ने के सिलसिले में बात की थी। एक्ट्रेस ने उन्हें जवाब दिया कि वो अगले 6 महीने तक काफी बिजी हैं। उनकी कई इवेंट्स और कॉन्ट्रैक्ट हैं। हालांकि, नेहा ने पिता की बात का सम्मान रखते हुए अजीत के सामने इच्छा जरूर जाहिर की वो चुनाव जरूर लड़तीं लेकिन, काम की वजह से इस बार संभव नहीं हैं। अजीत ने कहा कि उनकी बेटी अगली बार चुनाव लड़ेंगी।

फिल्मों में नहीं जमा पाईं सिक्का

इसके अलावा अगर नेहा शर्मा के फिल्मी करियर की बात की जाए तो उन्होंने ‘क्रूक’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने ‘तान्हाजी’, ‘यमला पगला दीवाना 2’, ‘तुम बिन 2’ और ‘मुबारकां’ जैसी फिल्मों में काम किया है। इसके साथ ही एक्ट्रेस कई म्यूजिक एलबम्स का भी हिस्सा रह चुकी हैं। हालांकि, स्क्रीन पर एक्ट्रेस कुछ खास नाम नहीं कमा पाई हैं। वो फिल्मों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और एक्टिंग के साथ-साथ खूबसूरती और बोल्डनेस को लेकर काफी सुर्खियों में रहती हैं। नेहा सोशल मीडिया का पारा बढ़ाने का एक भी मौका नहीं छोड़ती हैं।