जैज के प्रख्यात कलाकार रूडी वान गेल्डर का गुरुवार (25 अगस्त) को 91 साल की उम्र में निधन हो गया। वान गेल्डर ने अपनी कुछ धुनें अपने घर में ही रिकॉर्ड की थी, जिसे बाद अन्य कलाकारों ने खूब सराहा। उन्होंने अपने अभिभावकों के कमरे को ही स्टूडियो में तब्दील कर दिया था। उन्होंने वर्ष 1964 में आए मशहूर जैज एल्बम ‘ए लव सुप्रीम’ के लिए जॉन कोल्टरेन का मार्गदर्शन भी किया था।

ब्लू नोट रिकॉर्ड्स ने वान गेल्डर के निधन की पुष्टि की और फेसबुक पर अपने बयान में कहा, ‘जैज की विरासत को लेकर वान के महत्व को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।’ वान गेल्डर के संगीत में मौजूद संगीत उपकरणों की बारीकियों और अभिनव प्रयोगों ने ब्लू नोट रिकॉर्ड्स को अपनी और आकर्षित किया, जिसके बाद 1953 में उनका पहला एल्बम आया। वान गेल्डर और ब्लू नोट रिकॉर्ड्स का साथ दशकों तक रहा।