बॉलीवुड के शोमैन राजकपूर की पत्नी कृष्णा राजकपूर तबियत खराब होने के चलते अस्पताल में भर्ती हैं। कृष्णा को दक्षिण मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके बड़े बेटे रणधीर कपूर ने बताया, ‘मां सांस लेने में तकलीफ महसूस कर रही थीं। इस शिकायत के बाद हम तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उनकी तबीयत को देखते हुए उन्हें तुरंत एडमिट कर लिया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और बुधवार तक उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। अस्पताल में कुछ टेस्ट हुए थे। सभी टेस्ट नॉर्मल निकले अब उन्हें रुटीन मेडिकेश पर रखा गया है।’

बता दें कि इससे पहले फरवरी में भी उन्हें कुछ शिकायतों के चलते ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस वक्त उन्हें ऑबजर्वेशन के लिए आईसीयू में भी रखा गया था। इसी दौरान ऋषि कपूर की फिल्म कपूर एंड संस का ट्रेलर लॉन्च हो रहा था। जैसे ही ऋषि कपूर को मां की तबीयत के बारे में खबर मिली वह काम छोड़ कर तुरंत उनते पास पहुंच गए थे।

राजकपूर की पत्नी कृष्णा उनके मामा की लड़की थीं। उनके पिता पृथ्वी राजकपूर ने दोनों की शादी की पक्की की थी। इसके बाद जल्दी ही साल 1946 मई महीने में शादी करा दी गई। राजकपूर की शादी की खबर फिल्मीइंडिया मैग्जीन के जून के इशू में सबके सामने आई थी। जैसा कि राजकपूर के पिता को उम्मीद थी, कृष्णा ने पूरे परिवार को बड़े ही सलीके और प्यार से संभाले रखा। आज भी पूरे परिवार में वैसा ही प्यार और एकता है।