81 साल की वैजयंती माला अपने जमाने की बेहतरीन अदाकारा मानी जाती हैं। 1936 को चेन्नई (तमिलनाडु) में जन्मी वैजयंती ने 13 साल की उम्र में ही फिल्मों में एंट्री ले ली थी। 1949 में तमिल भाषा में आई ‘Vazhkai’ उनकी पहली फिल्म थी। वैजयंती को एक्टिंग विरासत में मिली थी। उनकी मां वसुंधरा 40 के दशक में तमिल फिल्मों की पॉपुलर एक्ट्रेस थीं। वहीं वैजयंती माला ने 15 साल की उम्र में बॉलीवुड में एंट्री ले ली थी। 1951 में आई ‘बहार’ उनकी पहली बॉलीवुड फिल्म थी। वैजयंती माला अपने जमाने में कई विवादों से घिरी रहती थीं। उन्हीं विवादों में से एक किस्सा आज हम आपको बता रहे हैं। जब वैजयंती की वजह से राज कपूर की पत्नी ने घर छोड़ दिया और वह बच्चों के साथ होटल में रहने लगी थीं।
ये पूरा मामला 60 के दशक का है, जब वैजयंती का नाम शो मैन के नाम से मशहूर राज कपूर साहब के साथ जुड़ा। कहा ये भी जाता है कि राज और उनका रिश्ता शादी तक पहुंच चुका था। लेकिन वो पहले से ही शादीशुदा थे और उनके बच्चे भी थे। वैजयंती से अफेयर के चलते राज कपूर की पत्नी कृष्णा राज ने बच्चों के साथ अपना घर छोड़ दिया था। वे करीब साढ़े चार महीने मुंबई के नटराज होटल में रही थीं। हालांकि राज कपूर से पहले सन् 1961 में फिल्म ‘गंगा जमुना’ के सेट पर उनका अफेयर दिलीप कुमार के साथ शुरू हो गया था। बाद में 1968 में वैजयंती माला ने चमनलाल बाली से शादी कर ली। दोनों का एक बेटा है, जिसका नाम सुचिन्द्र बाली है।
वैजयंती माला के फिल्मी सफर की बात की जाए, तो ‘देवदास’ में वैजयंती ने चंद्रमुखी का किरदार निभाया था। जिसके लिए उन्हें करियर का पहला फिल्मफेयर अवॉर्ड (बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस) भी मिला था। लेकिन वैजयंती ने ये कहकर फिल्मफेयर अवॉर्ड लेने से मान कर दिया कि फिल्म में उनका रोल सपोर्टिंग नहीं था। देवदास के बाद वैजयंती ने ‘न्यू डेल्ही’, ‘नया दौर’, ‘आशा’, ‘साधना’ और ‘मधुमती’ जैसी कई फिल्मों में काम किया। ‘साधना’ और ‘मधुमती’ के लिए उन्हें फिल्मफेयर के लिए बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया गया था।