इंडियाज गॉट टैलेंट का नौवां सीजन शुरू हो चुका है। इस शो में दुनियाभर से प्रतिभागी आते हैं और अपनी शानदार कला से दर्शकों का मनोरंजन करते हैं। आने वाले एपिसोड में एक कंटेस्टेंट अपनी अजीब प्रतिभा से जजेज को निराश कर देगा। जिसपर किरण खेर चंद सेकेंड में ही उसकी परफॉर्मेंस को खारिज करते हुए उसे डांट देंगी।

सोनी टीवी ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर आने वाले एपिसोड का एक वीडियो साझा किया है। जिसमें देखा गया कि एक आदमी स्टेज पर कुछ रंगीन बोतलों और आइस कैंडी बनाने वाली मशीन के साथ आता है। जिसपर बादशाह उससे कैंडी का भाव पूछते हैं। वह बोलता है कि एक कैंडी 200 रुपये की है। क्योंकि वह इसे बनाने के लिए अनोखा तरीका इस्तेमाल करता है।

मुंह से निकाला रंगीन पानी: इसके बाद जो हुआ उसे देख जजेज और शो के होस्ट अर्जुन बिजलानी के होश उड़ गए। दरअसल उस प्रतिभागी ने रंगीन पानी पीकर एक जार में उलट दिया और इसे अपना टैलेंट बताया। जिसे देख सभी हैरान रह गए। किरण खेर ने तुरंत लाल बटन दबाकर उसे रोक दिया।

किरण खेर को नहीं भाया एक्ट: जज की कुर्सी पर बैठीं किरण खेर ने ये एक्ट रोक दिया। उन्होंने कहा कि यहां बैठकर हम आपकी रंग बिरंगी उल्टी नहीं देखना चाहते। आगे किरण खेर ने कहा कि ये 200 में अपनी उल्टी बेच रहा है, वो भी सूट बूट पहनकर। किरण खेर ने आगे कहा कि पंजाबी में इसे कहते हैं, ‘दुर फिटे मुंह’।

आपको बता दें कि इंडियाज गॉट टैलेंट में कई बार अजीबो गरीब टैलेंट देखने को मिलते हैं। कई एक्ट खतरनाक भी होते हैं। जिसे देख जजेज परेशान हो जाते हैं। हाल ही में एक एक्ट ने जजेज और होस्ट को परेशान कर दिया। एक्ट के बीच एक प्रतिभागी आग के बीच में फंस गया। जिसे देख बादशाह अपनी कुर्सी छोड़ भागे और एक्ट को बीच में ही रुकवाया।

इसका वीडियो भी सोनी टीवी ने अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। प्रतिभागी को अपने एक्ट में एक झोपड़ी में आग लगाकर उसके अंदर रहना था और झोपड़ी के पूरे जलने तक वह बाहर आने का दावा कर रहा था। लेकिन उसका एक्ट सही नहीं रहा और टास्ट को बीच में रोक उसकी जान बचानी पड़ी।