भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव इन दिनों बिहार की छपरा सीट से चुनाव लड़ने को लेकर सुर्खियों में हैं। इसी बीच उनका एक पुराना विवाद फिर चर्चा में है, एक ऐसा वीडियो जो साल भर पहले सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।
दरअसल, खेसारी लाल और एक्ट्रेस आकांक्षा पुरी का जिम वर्कआउट वीडियो इंटरनेट पर आते ही विवादों में घिर गया था। कई यूजर्स ने इसे “अश्लील” बताते हुए दोनों की आलोचना की थी। अब लंबे समय बाद खेसारी ने इस वीडियो पर अपनी चुप्पी तोड़ी है और साफ कहा है कि यह उनका आइडिया नहीं था।
“वो मेरा आइडिया नहीं था, मैंने शेयर भी नहीं किया”- खेसारी
‘आजतक’ से बातचीत में खेसारी लाल यादव ने कहा, “वो वीडियो एक आर्ट की तरह शूट किया गया था। कोई विदेशी स्टंट करना था, तो उसी के लिए स्टैमिना टेस्ट हो रहा था। उस समय किसी ने उस पर गाना डाल दिया, और आकांक्षा पुरी जी ने उसे शेयर कर दिया। मैंने तो खुद वो वीडियो कभी पोस्ट नहीं किया।”
शत्रुघ्न सिन्हा के भाई ने दी थी रीना रॉय से शादी की धमकी, पत्नी पूनम थीं आठ महीने की गर्भवती
उन्होंने आगे कहा कि अब उन्हें एहसास है कि उस वीडियो का कंटेंट समाज के लिहाज से सही नहीं थी। खेसारी ने कहा, “हाँ, वो आपत्तिजनक था। अब समझ आया कि ऐसी चीजें लोगों को गलत संदेश देती हैं। भविष्य में ऐसा कुछ नहीं करेंगे।”
पत्नी की नाराज़गी पर बोले – “उनका बुरा मानना जायज़ था”
खेसारी ने खुलासा किया कि जब उनकी पत्नी ने वह वीडियो देखा, तो वह बहुत नाराज़ हो गईं। “उन्हें बुरा लगना ही था। मैं मानता हूँ कि वो वीडियो सही नहीं था। मुझे भी बाद में अफसोस हुआ,” खेसारी ने कहा।
अफेयर की खबरों पर क्या बोली थीं आकांक्षा पुरी
वीडियो के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर भी कई अफवाहें फैलने लगीं। एक इंटरव्यू में आकांक्षा पुरी ने कहा था कि “खेसारी मेरे लिए बहुत खास हैं। हमारा रिश्ता दोस्ती से कहीं गहरा है, लेकिन अफेयर नहीं है।”
आकांक्षा ने यह भी कहा था कि खेसारी उनके दिल के करीब हैं और हमेशा रहेंगे। दोनों ने अब तक दो भोजपुरी गानों में साथ काम किया है।
