Kbc 10: कौन बनेगा करोड़पति का दसवां सीजन लोगों को काफी पसंद आ रहा है। शो लोगों के बीच लोकप्रिय होने के चलते टीआरपी चार्ट पर भी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। केबीसी के इस नए सीजन को उसका पहला करोड़पति आखिरकार मिल गया है। बीते मंगलवार को प्रसारित हुए एपिसोड में महानायक अमिताभ बच्चन के साथ हॉट सीट पर असम की बिनीता जैन बैठीं। लेकिन बिनीता 16 वें सवाल का सही जवाब देकर भी 7 करोड़ रुपए की धनराशि अपने नाम नहीं कर सकीं।
बिनीता से अमिताभ बच्चन ने 7 करोड़ रुपए के लिए सवाल पूछा था- 1867 में किसने पहला स्टॉक टिकर का अविष्कार किया था? लेकिन उन्हें सवाल का सही जवाब नहीं पता था। जिसके चलते उन्होंने 1 करोड़ रुपए पर ही गेम क्विट कर दिया। हालांकि जब बिग बी ने बिनीता से सवाल का जवाब गेस करने के लिए कहा तो उन्होंने एडवर्ड कैलहन के नाम पर ताला लगवाया। बिनीता का गेस सही निकला क्योंकि इस सवाल का यही सही जवाब था कैलहन को पहला स्टॉक टिकर बनाने का श्रेय जाता है।

इस सीजन की पहली करोड़पति बिनीता जैन ने अपनी जिंदगी के संघर्ष की कहानी को शो की शुरूआत में साझा किया था। बिनीता ने बताया कि वह साल 2013 से अकेले ही संघर्ष कर रही हैं। बिनीता ने बताया कि 2013 में उनके पति एक बिजनस ट्रिप पर गए थे लेकिन फिर वह कभी वापस नहीं आए। उस वक्त उनके बच्चे काफी छोटे थे। तब से लेकर अब तक वह अकेले ही बच्चों को पाल रही हैं और आज भी उन्हें अपने पति का इंतजार है। बिनीता बच्चों को कोचिंग पढ़ाती हैं। बिनीता की कहानी सुनकर अमिताभ बच्चन समेत वहां मौजूद सभी लोग भावुक हो गए थे।
बता दें कि बिनीता इस सीजन की पहली ऐसी कंटेस्टेंट हैं जो 15 वें सवाल तक का सही जवाब दे सकी हैं। इसके पहले भागलपुर के टिकट एग्जामनर सोमेश कुमार चौधरी और गुजरात के ग्राफिक डिजाइनर संदीप सवालिया ही मात्र ऐसे दो कंटेस्टेंट हैं जिन्होंने 25 लाख रुपए की धनराशि जीती थी।



