दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन इस वक्त सालों से चलता आ रहा शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का 15वां सीजन होस्ट कर रहे हैं। अमिताभ बच्चन शो में सवाल-जवाब के अलावा जीवन को लेकर कई बेहतरीन बातें भी साझा करते रहते हैं। हालिया एपिसोड में बच्चन ने बताया भारतीय एथलीट दुती चंद ने उन्हें अपने विनिंग शूज गिफ्ट किए थे।

हाल ही में प्रसारित हुए एपिसोड में बिग बी ने एथलीट दुती चंद के साथ अपने अनुभव के बारे में बताया। दुती चंद 2016 में समर ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई करने वाली तीसरी भारतीय महिला हैं। जिन्होंने 2019 में इटली के नेपल्स में हुए वर्ल्ड यूनिवर्सियाड में इतिहास रचा था।

ये एपिसोड प्रतियोगी अपूर्वा मल्होत्रा के साथ शुरु हुआ। दुती चंद के बारे में बिग बी ने तब बताया जब अपूर्वा से ​​3,20,000 रुपये के सवाल का जवाब नहीं दे पाईं और उन्होंने अपनी अंतिम लाइफलाइन, वीडियो कॉल ए फ्रेंड का उपयोग करने का फैसला किया। सवाल था कि इनमें से कौन एक राज्य में लोकसभा सांसद और दूसरे राज्य में विधानसभा विधायक के रूप में कार्य कर चुका है? अपूर्वा ने लाइफलाइन का इस्तेमाल करते हुए अपने पिता से मदद ली और सुषमा स्वराज का नाम चुनते हुए सही उत्तर दिया।

अमिताब ने एक सवाल दुती चंद को लेकर पूछा। इस दौरान अमिताभ ने बताया कि दुती ने अपने वो शूज उन्हें उपहार में दिए थे, जिन्हें पहनकर दौड़ते हुए दुती ने जीत हासिल की थी। इसके बाद बच्चन ने हंसते हुए कहा कि इसी वजह से वह शो में दौड़ते हुए आते हैं।

अमिताभ बच्चन अक्सर अपने जीवन से जुड़े किस्से दर्शकों को सुनाते हैं। इससे पहले, केबीसी 15 के दौरान अमिताभ बच्चन ने अपने पिता हरिवंश राय बच्चन के इंटरकास्ट मैरिज के बारे में खुलासा किया था। उन्होंने बताया था कि राजनीतिक कार्यकर्ता सरोजिनी नायडू ने तेजी बच्चन के साथ इंटरकास्ट शादी के लिए उनके पिता का साथ दिया था। बच्चन ने बताया कि उनके पिता और मां दोनों का परिवार काफी रूढ़िवादी था। उस वक्त दूसरी जाति में शादी करने को पाप माना जाता था। बिग बी ने कहा कि बहुत से लोग उनके पिता के खिलाफ थे, हालांकि, सरोजिनी नायडू उनके समर्थन में आईं और उन्होंने अपने पिता को भारत के तत्कालीन प्रधान मंत्री जवाहरलाल नेहरू से भी मिलवाया।