इंडियन टेलीविजन के सबसे बड़े क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का 15वां सीजन चल रहा है। सोनी टीवी पर प्रसारित होने वाला ये शो दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है। इस सीजन को पहला करोड़पति भी मिल चुका है। हमेशा की तरह इस बार भी अमिताभ बच्चन ही इस शो को होस्ट कर रहे हैं। वह कंटेस्टेंट और दर्शकों के साथ अच्छी-अच्छी बातें साझा करते रहते हैं। हालिया एपिसोड में भी बिग बी ने कुछ ऐसा कहा कि वहां बैठे दर्शकों ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगा दिए।

दरअसल इसकी शुरुआत फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट राउंड से हुई, जिसमें प्रतियोगियों को भारत के भूगोल से संबंधित एक प्रश्न का उत्तर देने के लिए कहा गया। मधुरिमा नाम की प्रतियोगी ने सबसे पहले इसका उत्तर दिया और वह हॉटसीट पर आकर बैठीं। सवाल था,”भारत के इन राज्यों को पश्चिम से पूर्व तक भौगोलिक क्रम में व्यवस्थित करें: मेघालय, झारखंड, तेलंगाना, गुजरात।” इसका सही उत्तर गुजरात, तेलंगाना, झारखंड और मेघालय है।

सवाल का सबसे पहले जवाब देने वाली प्रतियोगी बनने के बाद मधुरिमा का हॉट सीट पर स्वागत किया गया। जिसके बाद वह शो के होस्ट अमिताभ बच्चन के साथ बात करते हुए भावुक हो गईं। झारखंड के रांची की रहने वाली मधुरिमा ने बताय कि उनके पिता जातिवाद में विश्वास नहीं करते, इसलिए उनका कोई सरनेम ही नहीं है।

चंद्रयान का जिक्र होते ही दर्शकों ने लगाये नारे

इसके बाद बिग बी ने कहा कि अगली बार अगर हमसे पूछा जाएगा तो हम कहेंगे कि हम भारतीय हैं जिन्होंने चंद्रयान पर विजय प्राप्त की है। ये सुनते ही शो में मौजूद दर्शकों ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाये। अपनी बात को जारी करते हुए बिग बी ने कहा कि हमारा देश भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला पहला देश है।

शो को मिला पहला करोड़पति

कुछ दिन पहले ही शो के इस सीजन को पहला करोड़पति मिल गया है। पंजाब के जसकरण ‘कौन बनेगा करोड़पति 15’ के पहले करोड़पति बन गए हैं। 1 करोड़ की धनराशि जीतने के बाद वह 7 करोड़ के सवाल पर आकर अटक गए थे, इसलिए उन्होंने शो क्विट करना सही समझा।