कल यानी 5 दिसंबर को बॉलीवुड के एक महान कलाकार शशि कपूर को नम आंखों से फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियों ने आखिरी बिदाई दी। उनके चले जाने से बॉलीवुड शोकमय है। जिस किसी ने उनके साथ काम किया है वो उनके व्यक्तित्व की तारीफ कर रहा है। इसके अलावा हर कोई अपनी-अपनी तरह से उन्हें याद करते हुए सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहा है। इसी बीच कैटरीना कैफ ने भी अपने फेसबुक अकाउंट पर शशि के लिए एक भावुक पोस्ट लिखा है।

कैटरीना की शशि कपूर से मुलाकात उस समय हुई थी जब वो रणबीर कपूर को डेट किया करती थीं और उन्हें वरिष्ठ एक्टर के घर साल 2015 में क्रिसमस सेलिब्रेशन में जाने का मौका मिला था। अपने पोस्ट में एक्ट्रेस ने लिखा- क्लासिक सिनेमा के दौर को अमर करने वाले, एक लीजेंड हमें बहुत सारी हसीन यादों के साथ छोड़कर चले गए। शशिजी थे और हमेशा हम सभी के लिए और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक आइकन रहेंगे। सिनेमा में उनका दिया हुआ बहुमूल्य योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

बता दें कि 4 दिसंबर को मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में शशि कपूर का निधन हो गया था। वे लंबे वक्त से बीमार थे। साल 2011 में शशि को भारत सरकार ने पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित भी किया था। साल 2015 में उनको 2014 के दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इस तरह से वे अपने पिता पृथ्वीराज कपूर और बड़े भाई राजकपूर के बाद यह सम्मान पाने वाले कपूर परिवार के तीसरे सदस्य बने थे। उन्होंने मुंबई के डॉन बोस्को सकूल से पढ़ाई की थी।