वरूण धवन और अनुष्का शर्मा की फिल्म सुई धागा को रिलीज़ होने में महज एक दिन रह गया है। हालांकि फिल्म को बॉलीवुड के दिग्गज़ों का ज़बरदस्त साथ मिल रहा है। फिल्म की प्रमोशन के लिए वरूण धवन और अनुष्का शर्मा ने कई स्टार सेलेब्स को सुई में धागा डालने का चैलेन्ज दिया है। इस चैलेंज को अब तक अक्षय कुमार, शाहरूख खान, रणबीर कपूर, करण जौहर, माधुरी दीक्षित, जाह्नवी कपूर जैसे सितारे कर चुके हैं और हाल ही में कैटरीना कैफ भी सुई धागा चैलैंज को पूरा करते हुए नज़र आईं। कैटरीना ने पहले सुई में धागा डाला और फिर वे एक कपड़े को सिलने की कोशिश करने लगी। कैटरीना ने अपनी इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है।
यशराज बैनर तले बनी और शरत कटारिया द्वारा निर्देशित फिल्म सुई धागा की शूटिंग दिल्ली और मध्यप्रदेश में हुई है। फिल्म 28 सितंबर को देश के विभिन्न सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में वरूण धवन और अनुष्का शर्मा लोअर मिडिल क्लास पति पत्नी का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी एक छोटे से शहर में रहने वाले पति-पत्नी के संघर्ष पर आधारित है। केंद्र सरकार के मेक इन इंडिया थीम से प्रभावित इस फिल्म में यह दिखलाया गया है कि कैसे एक आम इंसान अपनी इच्छाशक्ति और मेहनत के बल पर सफलताएं हासिल कर सकता है।
वरूण और अनुष्का पिछले काफी समय से अपनी इस फिल्म की प्रमोशन में लगे हुए हैं। सुई धागा के लिए कई शहरों में घूमने के अलावा वरूण और अनुष्का फिल्म की प्रमोशन के लिए कई दिलचस्प काम भी कर रहे हैं। वरूण ने हाल ही में अपने पिता के बर्थ डे पर अपने हाथों से एक शर्ट सिल कर दी थी। लगभग तीन घंटों की मेहनत के बाद वरूण ने इस शर्ट को तैयार किया था और ये शर्ट वरूण के पिता और मशहूर डायरेक्टर डेविड धवन को एकदम फिट भी आई थी। इसके अलावा अनुष्का ने भी फिल्म के लिए खास तौर पर एंब्रॉयड्री सीखी थी।