‘राम तेरी गंगा मैली’, ‘आवारा’, ‘बॉबी’ और ‘मेरा नाम जोकर’ जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम करने वाले डायरेक्टर-एक्टर राज कपूर ने कई एक्ट्रेस को ब्रेक दिया था। नरगिस और राज कपूर की जोड़ी ने कई फिल्मों में साथ काम भी किया था। हाल ही में एक्ट्रेस करिश्मा और करीना कपूर के पिता रणधीर कपूर ‘द कपिल शर्मा शो’ में शामिल हुए थे। यहां उनसे राज कपूर को लेकर सवाल पूछा गया था।
रणधीर कपूर के साथ करिश्मा कपूर भी शो में शामिल हुई थीं। यहां कपिल शर्मा उनसे पूछते हैं, ‘जब भी राज साहब कोई रोमांटिक सीन शूट करते थे तो क्या आपके सामने कर लेते थे या 5 रुपए देकर बोलते थे कि बेटा जाओ चॉकलेट लेकर आओ?’ रणधीर कपूर इस सवाल पर हंसते हुए जवाब देते हैं, ‘हम लोग तो एक्टर्स हैं और वो भी एक्टर ही थे। ये भी तो एक्टिंग ही है। कई एक्ट्रेस के साथ मैंने भी रोमांटिक सीन शूट किए हैं।’
रणधीर कपूर बताते हैं, ‘सभी कपूर खाने के शौकीन हैं और सभी शाम होने का इंतजार करते हैं।’ बबीता कपूर के साथ अपनी प्रेम कहानी के बारे में वह बताते हैं, ‘कल, आज और कल में जो गाना उसके आखिरी में मैं कहता हूं शादी का इरादा है। ये डिमांड मेरी पहले से बनी हुई थी। यही वजह थी कि इसे स्टोरी में शामिल किया गया था।’
बेटियों की ट्यूशन फीस तक के नहीं थे पैसे: एक अन्य इंटरव्यू में रणधीर कपूर ने बताया था, ‘आज एक्ट्रेस या एक्टर के लिए पैसा कमाना कितना आसान हो गया है। लेकिन पहले ऐसा बिल्कुल नहीं होता है। मेरे पास तो अपनी बेटियों की ट्यूशन फीस तक देने के पैसे नहीं होते थे। मेरे लिए सच में वो बहुत मुश्किल समय था। हम उस समय पैसा कमाने के लिए सच में बहुत ज्यादा मेहनत करते थे। मैं अपनी कमाई से तो पत्नी बबीता के खर्चे तक भी नहीं उठा पाता था।’
रणधीर और बबीता कपूर के रिश्तों में भी तल्खियां देखने को मिली थीं। हालांकि अब एक-बार फिर दोनों साथ आ गए हैं। करिश्मा कपूर ने फिल्म इंडस्ट्री में एंट्री की थी तो इसके पीछे भी बबीता ही थीं।