बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस करिश्मा कपूर का आज 47वां जन्मदिन है। उनके जन्मदिन के इस खास अवसर पर बॉलीवुड कलाकारों के साथ-साथ फैंस ने भी उन्हें जमकर बधाइयां दीं। बॉलीवुड में अपनी जबरदस्त पहचान बनाने के बाद करिश्मा कपूर साल 2003 में बिजनेसमैन संजय कपूर के साथ शादी के बंधन में बंध गई थीं। शादी के 13 साल बाद करिश्मा कपूर और संजय कपूर का तलाक हो गया था। वहीं तलाक के बाद उनके एक्स पति ने एक्ट्रेस पर आरोप लगाया कि करिश्मा ने उनसे केवल पैसे के लिए शादी की थी। हालांकि इस आरोप पर उनके पिता रणधीर कपूर ने भी जवाब देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इतना ही नहीं उन्होंने अपने एक्स दामाद को थर्ड क्लास इंसान भी बताया।

रणधीर कपूर ने मामले को लेकर हिंदुस्तान टाइम्स को इंटरव्यू दिया था, जिसमें उन्होंने संजय कपूर द्वारा बेटी करिश्मा कपूर पर लगाए गए आरोपों को खारिज किया और कहा, “हम कपूर हैं, हमें खुद का गुजारा करने के लिए दूसरों के पैसों की कोई जरूरत नहीं है।”

रणधीर कपूर ने इस बारे में बात करते हुए आगे कहा था, “हमारे पास केवल पैसा ही नहीं टैलेंट भी है और यह जिंदगी भर हमें सहारा दे सकता है।” रणधीर कपूर ने बताया कि वह कभी नहीं चाहते थे कि उनकी बेटी संजय कपूर से शादी करें। इस बारे में उन्होंने कहा, “वह एक थर्ड क्लास व्यक्ति है। मैं कभी नहीं चाहता था कि करिश्मा उससे शादी करे।”

रणधीर कपूर ने एक्स दामाद संजय कपूर पर भड़कते हुए आगे कहा, “उसने कभी भी अपनी पत्नी की परवाह नहीं करी, उसने हमेशा अपनी पत्नी को सताया है और दूसरी औरत के साथ रहता था। पूरी दिल्ली यह जानती है कि वह कैसा आदमी है। मैं इससे ज्यादा उसपर कुछ नहीं कहना चाहता हूं।”

इससे इतर तलाक के बाद करिश्मा कपूर ने भी अपने पति संजय कपूर पर कई आरोप लगाए थे। आईबी टाइम्स को दिए इंटरव्यू में करिश्मा कपूर ने बताया था, “शादी के बाद जब मैं संजय के साथ हनीमून पर गई थी तो उन्होंने अपने दोस्तों से मेरी कीमत लगवाई थी।” इसके साथ ही एक्ट्रेस ने पति पर मारपीट करने और उनके साथ दुर्व्यवहार करने का भी आरोप लगाया था।