कपूर फैमिली बॉलीवुड का सबसे चर्चित और पुराना परिवार है। पृथ्वी राज कपूर से रणबीर कपूर तक, इस परिवार के कई सदस्यों ने सिनेमा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कपूर खानदान में यूं तो बेटी-बहुओं के फिल्मों में काम करने को लेकर मनाही थी लेकिन समय के साथ ये बंदिश भी टूटी। करिश्मा कपूर और करीना कपूर ने खूब फिल्में की और जमकर शोहरत भी हासिल की।
करीना औऱ करिश्मा दोनों ने ही एक से बढ़कर एक फिल्में की और अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया। करिश्मा तो फिल्मों में अब उतनी सक्रिय नहीं हैं लेकिन करीना फिल्मों के साथ ही ओटीटी पर भी अपनी अदाकारी के जलवे दिखा रही हैं। फैंस करीना कपूर के बारे में यूं तोे काफी कुछ जानते होंगे लेकिन उन्हें शायद ही पता हो कि उनका नाम करीना से पहले कुछ और रखा जा रहा था।
तमाम मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक करीना कपूर का नाम उनके दादा राज कपूर ने सिद्धिमा रखा था। दरअसल करीना से कुछ दिनों पहले ही ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा का जन्म हुआ था। राज कपूर ने रिद्धिमा से मिलता जुलता नाम सिद्धिमा रखने का मन बनाया था। हालांकि करीना की मां ने अपनी बेटी के लिए कुछ और नाम सोच रखा था। बबीता जब प्रेग्नेंट थीं तब वह लियो टॉल्सटॉय की बुक अन्ना करेनिना पढ़ती थीं। इसी किताब से उनके दिमाग में करीना नाम आया था। किताब पढ़ने के दौरान ही उन्होंने तय कर लिया था कि अगर बेटी हुई तो उसका नाम वह करीना रखेंगी। उन्होंने ऐसा किया भी।
मां की इच्छा के आगे दादा की राय कमजोर पड़ी। इस तरह से करिश्मा कपूर की छोटी बहन का नाम सिद्धिमा की जगह करीना पड़ गया। अगर राज कपूर की चलती तो आज मिसेज सैफ अली खान को लोग सिद्धिमा कपूर के नाम से जानते। बता दें कि करीना का नाम बेबो भी है। ये उनका निकनेम है जिसे उनके पिता रणधीर कपूर ने प्यार से रखा था। जिस तरह से करीना का नाम बेबो है उसी तरह करिश्मा का निकनेम लोलो है। सिर्फ घर वाले ही नहीं बल्कि दोनों एक्ट्रेसेस के तमाम फैंस भी उन्हें बेबो और लोलो के नाम से संबोधित करते हैं।
बात वर्क फ्रंट की करें तो करीना कपूर हाल ही में नेटफ्लिक्स की फिल्म जानेजान में नजर आई हैं। सुजॉय घोष के निर्देशन में बनी इस क्राइम थ्रिलर मूवी में करीना के काम को काफी सराहा गया था। फिल्म में करीना ने एक कातिल का किरदार निभाया था जो अपनी बेटी की रक्षा के लिए अपने पति का कत्ल कर देती है।
