बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर और करीना कपूर ने अपनी फिल्मों और अंदाज से जबरदस्त पहचान बनाई है। दोनों बॉलीवुड की दुनिया के नामी-गिरामी परिवार कपूर खानदान से ताल्लुक रखती हैं। लेकिन एक वक्त उनकी जिंदगी में ऐसा भी था, जब उनका परिवार केवल उनकी मां बबीता कपूर तक ही सीमित था। इतना ही नहीं, बबीता कपूर ने अपनी दोनों बेटियों की परवरिश भी अकेले ही की थी।
बबीता कपूर से जुड़ी इस बात का खुलासा खुद करीना कपूर ने मुंबई मिरर को दिए इंटरव्यू में किया था। एक्ट्रेस ने इंटरव्यू के दौरान बताया था कि उनकी मां ने खुद के दमपर ही दोनों बहनों को पाला है। इतना ही नहीं, बबीता कपूर को कपूर खानदान की तरफ से किसी भी प्रकार की आर्थिक मदद तक नहीं मिलती थी।
इस बारे में बात करते हुए करीना कपूर ने कहा, “मां हमेशा कुछ न कुछ करती ही रहती थीं। उन्होंने अकेले ही हमारी परवरिश की। छोटे व्यवसायों के अलावा उनका एक रियल एस्टेट का भी बिजनेस था। उनके लिए ये चीजें थोड़ी मुश्किल जरूर होती थीं।”
करीना कपूर ने इस बारे में बात करते हुए आगे कहा, “हमें खुद के हाल पर ही छोड़ दिया गया था। हालांकि, मेरे पापा का भी हमारी जिंदगी में एक अहम योगदान है। शुरुआती सालों में तो हम पापा से ज्यादा मिल भी नहीं पाते थे, लेकिन अब जिंदगी में सभी चीजें बिल्कुल ठीक हैं।”
बता दें कि बबीता कपूर और रणधीर कपूर ने 6 नवंबर साल 1971 में शादी की थी। शादी के बाद बबीता कपूर को अपना एक्टिंग करियर छोड़ना पड़ा था, क्योंकि उस वक्त कपूर खानदान की बेटियां या बहुएं फिल्मों में काम नहीं करती थीं। वहीं, 80 के दशक के बाद रणधीर कपूर की फिल्में भी फ्लॉप होने लगी थीं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक फिल्मों के लगातार फ्लॉप होने के कारण रणधीर कपूर को आर्थिक परेशानी तो हो ही रही थी, साथ ही उन्हें शराब की भी लत लग गई थी। उनकी इस बात को लेकर बबीता कपूर ने पति से अलग होने का फैसला कर लिया। अलग होने के बाद जहां रणधीर कपूर अपने माता-पिता के साथ रहने लगे थे तो वहीं बबीता कपूर बेटियों के साथ अकेले रहने लगी थीं।