Kareena Kapoor Khan On Taimur: करीना कपूर बॉलीवुड की सुपरस्टार एक्ट्रेस हैं। एक वक्त पर करीना इंडस्ट्री की हाइएस्ट पेड एक्ट्रेस थीं। साल 2012 में करियर के पीक पर उन्होंने सैफ अली खान से शादी रचा ली। शादी के बाद 2016 में जब करीना प्रेग्नेंट हुईं तो उन्होंने खुद को कुछ समय के लिए सिल्वर स्क्रीन से दूर कर लिया।

2016 में करीना ने प्यारे से बेटे को जन्म दिया जिसका नाम उन्होंने तैमूर रखा। बेटे का नाम तैमूर रखने के कारण सैफ और करीना को सोशल मीडिया में लोगों ने खूब ट्रोल किया। उन्हें धमकियां तक दी गईं। सालों बाद करीना कपूर ने बेटे के नाम से जुड़े कई राज से पर्दा हटाया। 

क्यों रखा था ‘तैमूर’ नाम?

करीना कपूर ने इंडियन एक्सप्रेस के कार्यक्रम अड्डा (Express Adda) में बताया कि पति सैफ अली खान ने बेटे का नाम तैमूर रखा था। दरअसल सैफ ने करीना को बताया था कि उनकी लाइफ का जो सबसे पहला दोस्त था उसका नाम तैमूर था। वह सैफ का पड़ोसी हुआ करता था। सैफ ने करीना से कहा कि इसलिए वह अपने बेटे का नाम तैमूर रखना चाहते हैं। करीना को भी यह नाम खूब पसंद आया।

करीना ने बताया कि तैमूर का मतलब होता है जो लोहे का बना हो। बकौल करीना उन्हें भी ये नाम पहली बार में ही पसंद आ गया। सैफ और करीना ने बिना कुछ ज्यादा सोचे बेटे का नाम तैमूर रख दिया। हालांकि तैमूर नाम रखने पर दोनों को लोगों ने खूब ट्रोल किया। दरअसल तैमूरलंग एक मंगोल शासक था जिसके जुल्म-ओ-सितम की दास्तान से इतिहास के पन्ने पटे पड़े हैं। 

Saif and Kareena
तैमूर के जन्म के बाद पहली बार कैमरे के सामने कुछ यूं आए थे सैफ और करीना। (सोर्स- इंडियन एक्सप्रेस)

ट्रोल्स का यूं किया सामना

ट्रोल्स ने आरोप लगाया कि ऐसे खूंखार शासक के नाम पर कौन अपने बच्चे का नाम रखता है। करीना लोगों के ऐसे व्यवहार से काफी सदमे में थीं। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि लोग ऐसा क्यों कर रहे हैं। बकौल करीना उस मुश्किल समय में वह और सैफ एक दूसरे के साथ पूरा डट कर खड़े रहे। उन्होंने ठान लिया था कि जिसे जो बोलना है बोलते रहे। हमें पता है कि हमने अपने बेटे का नाम क्या और क्यों रखा है।

क्या तैमूर नाम रख हुआ पछतावा?

करीना से पूछा गया कि क्या उन्हें कभी इस बात का पछतावा हुआ कि आखिर क्यों उन्होंने बेटे का ऐसा नाम रख दिया और कभी ऐसे ख्याल आए कि नाम बदल दिया जाए? इसके जवाब में करीना ने कहा कि उन्हें कभी भी अपने फैसले पर पछतावा नहीं हुआ। करीना ने कहा कि उन्हें बचपन से उनके पैरेंट्स ने इतना कॉन्फिडेंट बना दिया था कि पछताने का तो कोई सवाल ही नहीं उठता।

यहां देखिए पूरा इंटरव्यू:

बता दें कि करीना कपूर और सैफ अली खान के दो बच्चे हैं। छोटे बेटे का नाम इस दंपति ने जेह रखा है। सैफ ने अमृता सिंह से तलाक के बाद करीना से शादी रचाई थी। पहली शादी से सैफ को दो बच्चे हैं जिनका नाम सारा और इब्राहिम है। सारा और इब्राहिम, दोनों ही एक्टिंग में अपना करियर बना रहे हैं।