बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान अपना डिजिटल डेब्यू करने जा रही हैं। नेटफ्लिक्स (Netflix) ने बुधवार को घोषणा की है कि करीना कपूर सुजॉय घोष की अनटाइटल्ड मर्डर मिस्ट्री में नजर आने वाली हैं। ये मर्डर मिस्ट्री कीगो हिगाशिनो के जापानी उपन्यास ‘द डिवोशन ऑफ सस्पेक्ट एक्स’ पर बनाई गई है। फिल्म में जयदीप अहलावत और विजय वर्मा अहम भूमिका निभाने वाले हैं।

करीना कपूर खान ने इस फिल्म के बारे में बात करते हुए कहा कि इस प्रोजेक्ट में सब कुछ है। मैं इस रोमांचक प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने के लिए और इंतजार नहीं कर सकती। करीना के फैंस उनकी इस फिल्म को देखने के लिए बेताब हो गए हैं।

सस्पेंस और मर्डर मिस्ट्री वाली फिल्में देखना ज्यादातर लोगों को पसंद होता है। बॉलीवुड में कई ऐसी फिल्में बनी हैं, जिसमें थ्रिलर, मर्डर और ढेर सारा सस्पेंस हैं। आज हम आपको कुछ ऐसी ही फिल्मों के बारें में बताने जा रहे हैं, जिन्हें आप ओटीटी पर देख सकते हैं।

द्रिष्यम: अजय देवगन की ये फिल्म दक्षिण भारतीय फिल्मों के सर्वश्रेष्ठ बॉलीवुड रीमेक में से एक है। फिल्म की पटकथा ऐसी थी कि इसे बाद में अन्य भाषाओं- जैसे तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और हिंदी में बनाया गया। ये फिल्म एक मर्डर मिस्ट्री है, जिसमें काफी ज्यादा सस्पेंस है। इस फिल्म को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।

अंधाधुन: आयुष्मान खुराना की फिल्म अंधाधुन वो मर्डर मिस्ट्री है, जिसें देखने के बाद आप उसे भूल नहीं पाएंगे। फिल्म की कहानी आकाश के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक महत्वाकांक्षी गायक और पियानोवादक है, जो कथित तौर पर अंधा है। इस फिल्म के अंत में सस्पेंस खुलता है, जिसे देख दर्शकों के होश उड़ जाते हैं। ये फिल्म नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।

अगली: अनुराग कश्यप द्वारा निर्देशित फिल्म अग्ली एक चिलिंग मर्डर मिस्ट्री है। राहुल एक संघर्षशील अभिनेता, अपनी बेटी के साथ एक कास्टिंग निर्देशक से मिलने जाता है। वो उसे कार में इंतजार करने को कहता है। जब वो लौटता है उसकी बेटी गायब होती है। ये फिल्म बेहद इमोशनल और रोमांचक है। इसे दर्शक अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।

रात अकेली है: इस फिल्म में नवाजुद्दीन ने पुलिस का किरदार निभाया है, जो एक बुजुर्ग की मर्डर मिस्ट्री को सुलझाते हुए राधिका आपटे के प्यार में पड़ जाता है। फिल्म के अंत में जो सच निकलकर आता है, उससे रिश्तों पर भी दाग लग जाता है। राधिका आपटे को इस फिल्म में बंधुआ बनाकर रखा गया है। ये फिल्म आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।

रहस्य: रहस्या एक पेचीदा मर्डर मिस्ट्री है जो आरुषि तलवार और उनकी हाउस हेल्प की दोहरी हत्याओं से प्रेरित है, लेकिन इसमें छोटे-छोटे ट्विस्ट हैं जो इसे मूल कहानी से अलग बनाते हैं। ये फिल्म आप जी-5 पर देख सकते हैं।