बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर को उनके 40वें जन्मदिन पर प्रशंसकों ने खूब बधाइयां दीं। करीना ने जन्मदिन शानदार अंदाज में परिवार के साथ मनाया। उनके जन्मदिन से जुड़े वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किए जा रहे हैं। करीना से जुड़ी इन तस्वीरों को करिश्मा कपूर व बेबो के फैनपेज ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से साझा किया है, जो सबका खूब ध्यान भी खींच रही हैं। करिश्मा कपूर ने अपने इंस्टाग्राम से करीना कपूर की कुछ तस्वीरें साझा की हैं, जिसमें बेबो केक के पास खड़ी नजर आ रही हैं। एक फोटो में करीना सैफ अली खान, करिश्मा कपूर, रणधीर कपूर, बबीता कपूर और परिवार के बाकी सदस्यों के साथ दिखाई दे रही हैं। इन तस्वीरों को साझा करते हुए करिश्मा कपूर ने लिखा, ‘बर्थडे गर्ल।’

रेखा और शिल्पा शेट्टी के नृत्य को प्रशंसकों ने सराहा

बॉलीवुड अभिनेत्री रेखा के प्रशंसक आज भी उनकी खूबसूरती और अंदाज पर फिदा हैं। पैंसठ साल की रेखा अभिनय में तो बेजोड़ हैं हीं, साथ ही एक बेहतरीन नृत्यांगना भी हैं। रेखा और शिल्पा शेट्टी का एक वीडियो इंटरनेट पर खूब पसंद किया जा रहा है। इस वीडियो में दोनों अभिनेत्रियां शास्त्रीय नृत्य करती नजर आ रही हैं। वीडियो में पहले तो शिल्पा शेट्टी स्टेज पर शास्त्रीय नृत्य कर रही हैं। तभी रेखा उन्हें चारों तरफ घूमकर देखने लगती हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि इसके बाद अचानक रेखा भी नृत्य करने लगती हैं। वीडियो मे रेखा और शिल्पा ‘सलामे इश्क मेरी जां’ पर अपने जलबे बिखेर रही हैं। रेखा और शिल्पा के इस वीडियो को इंस्टाग्राम के एक पेज पर साझा किया गया है।