करीना कपूर हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेसेस में से एक हैं। अपनी एक्टिंग और खूबसूरती से वो सबका दिल जीत ही लेती हैं। करीना 21 सितंबर को अपना 44वां जन्मदिन मना रही हैं। करीना ने अपने से 10 साल बड़े सैफ अली खान से शादी की थी। पहली उनकी शादी सुर्खियों में रही थी और इसके बाद उनके बेटे के जन्म पर जमकर बवाल हुआ था। करीना कपूर ने 20 दिसंबर 2016 को अपने बड़े बेटे तैमूर को जन्म दिया था और कुछ ही घंटों बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया था।
करीना कपूर के दो बेटे हैं तैमूर अली खान और जहांगीर अली खान। तैमूर को प्यार से टिम टिम और जहांगीर को जेह बुलाते है। करीना कपूर और सैफ ने अपनी पसंद से दोनों बेटों के नाम रखे, लेकिन कई लोगों ने नाम को लेकर उन्हें ट्रोल किया और सवाल खड़े किए।
करीना और सैफ को बेटे के नाम के लिए लोगों की नफरत का सामना करना पड़ा था। बरखा दत्त को दिए एक पुराने इंटरव्यू में करीना ने बताया था कि कैसे लोग उनके बेटे के नाम को लेकर इतना कंसर्न थे। नाम को लेकर बवाल इतना बढ़ गया था कि करीना रोने लगी थीं। उनका कहना था कि वो बच्चों की मां हैं और उनका नाम क्या रखा जाएगा ये फैसला उन पर छोड़ देना चाहिए, किसी को इससे मतलब नहीं होना चाहिए।
करीना ने बिना नाम लिए बताया कि तैमूर के जन्म के कुछ घंटों बाद ही एक मशहूर हस्ती उनसे मिलने अस्पताल पहुंची थी, जिसके कारण वो रो पड़ी थीं। करीना ने कहा, “वह एक मशहूर शख्स थे, जो बहाने से अस्पताल आए और उन्होंने मुझे बधाई दी और फिर उन्होंने कहा कि तुम्हें क्या दिक्कत है, तुम अपने बेटे का नाम तैमूर क्यों रख रहे हो। मैंने उसे 8 घंटे पहले ही जन्म दिया था, मैं रोने लगी और उन्हें वहां से जाने के लिए कह दिया।”
करीना ने कहा कि तैमूर के जन्म के कुछ देर बाद ही उसके नाम को लेकर लोग उनसे सवाल करने लगे थे। इसके साथ ही करीना ने पैपराजी के तैमूर को कैप्चर करने को लेकर भी बात की थी। तैमूर पहला ऐसा स्टारकिड है जिसकी फैन फॉलोइंग पैदा होते ही बढ़ गई थी। करीना ने कहा था हर तरफ तैमूर को कैप्चर करना शुरू कर दिया गया था। एक्ट्रेस ने कहा कि उनके बेटे ने ठीक से आंखें भी नहीं खोली थी।