14 दिसंबर को राज कपूर के जन्म को 100 साल पूरे हो जाएंगे। इस मौके पर कपूर खानदान एक बड़ा इवेंट कर रहा है। इस शताब्दी समारोह में कई बड़े एक्टर्स और राजनेता शामिल होंगे। इस इवेंट के लिए कपूर परिवार पीएम मोदी को इनवाइट करने दिल्ली पहुंचा। नीतू कपूर, रणबीर कपूर, करिश्मा कपूर, आलिया भट्ट, करीना कपूर और सैफ अली खान दिल्ली में पीएम आवास पहुंचे। आदर जैन, अनीसा मल्होत्रा और आदर जैन के पिता और रणबीर कपूर के फूफा मनोज जैन भी पहुंचे।
इस दौरान करीना कपूर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जहां वो रेड ड्रेस में खूबसूरत लग रही हैं। करीना एयरपोर्ट के बाहर हैं और किसी से पूछती हैं, ‘यहां से पीएम का घर कितनी दूर है?’
हालांकि इस बात को लेकर लोग उन्हें ट्रोल कर रहे हैं। उनके रवैये पर सवाल उठा रहे हैं।
इस दौरान आलिया भट्ट अपनी सास नीतू कपूर और ननद करिश्मा कपूर से राहा के बारे में बात करती दिखीं। आलिया उन्हें राहा की ए बी सी डी के बारे में बता रही थीं।
आपको बता दें, कपूर खानदान राज कपूर के 100वीं जयंती पर ट्रिब्यूट देने की तैयारी कर रहे हैं। इस दौरान राज कपूर की प्रतिष्ठित फिल्मों की स्क्रीनिंग भी होगी। 13-15 दिसंबर तक 40 शहरों और देशभर के 135 सिनेमाघरों में ये स्क्रीनिंग होगी। इस दौरान आग, बरसात, आवारा, मेरा नाम जोकर और श्री 420 जैसी कालजयी क्लासिक फिल्में शामिल हैं।
राज कपूर मशहूर भारतीय एक्टर और फिल्ममेकर थे। उन्हें हिंदी सिनेमा के सबसे महान अभिनेता और निर्माता के रूप में जाना जाता है। राज कपूर का जन्म 14 दिसंबर 1924 को पेशावर में हुआ था। राज कपूर के पिता पृथ्वीराज कपूर भी मशहूर अभिनेता और निर्देशक थे। राज कपूर ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत साल 1935 में फिल्म “इन्कलाब” से की थी। राज कपूर की फिल्मों में सामाजिक और राजनीतिक मुद्दे देखने को मिलते थे। राज कपूर को उनके योगदान के लिए साल 1971 में पद्म भूषण और साल 1987 में दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। राज कपूर की शादी कृष्णा मल्होत्रा से हुई थी। उनके पांच बच्चे हुए – रणधीर कपूर, ऋषि कपूर, राजीव कपूर, रितु कपूर और रीमा कपूर। 2 जून 1988 को राज कपूर का निधन हो गया था।
