करण जौहर का मशहूर टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ का आठवां सीजन चल रहा है। इस सीजन के पहले एपिसोड में बॉलीवुड की दमदार जोड़ी यानी दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह नजर आए थे। ये एपिसोड काफी मजेदार था लेकिन दीपिका के एक बयान पर उन्हें और रणवीर को खूब ट्रोल किया गया था। अब करण जौहर ने ट्रोल करने वालों को मुंह तोड़ जवाब दिया है। हाल ही में आए नए एपिसोड में करण ने बताया कि उन्हें इस बात का बहुत बुरा लगा है।
बता दें कि दीपिका ने कहा था कि उन्होंने रणवीर के साथ रिलेशनशिप में आने से पहले कई लोगों को डेट किया था। इसे लेकर वह खूब ट्रोल हुई थीं और रणवीर पर भी बहुत मीम बने थे। लेटेस्ट एपिसोड में आदित्य रॉय कपूर और अर्जुन कपूर गेस्ट बनकर पहुंचे थे। जिसमें करण ने उस किस्से के बारे में बात की। करण ने दीपिका-रणवीर वाले एपिसोड को सबसे ईमानदार बताया।
करण ने कहा कि उन्हें लगता है कि हम तीनों अपने इमोशनल बैगेज, अपने इमोशन के बारे में खुलकर सामने आए और उसके कारण उनका मजाक भी बना। इसके बाद करण ने उस एपिसोड के बारे में बात की और कहा, “मुझे लगा कि यह हमारे सबसे अच्छे एपिसोड में से एक था। वे बहुत ईमानदार थे, उन्होंने बहुत बात की थी और बहुत कुछ शेयर किया और फिर आप बकवास बातें करते हो। आप जानते ही क्या हो किसी की पर्सनल लाइफ और शादी के बारे में। तू अपने घर पर देख न, मैं बस उन्हें ये ही बोलना चाहता हूं। मैं उन्हें अपनी मिडल फिंगर दिखाना चाहता हूं।”
आपको बता दें कि उस एपिसोड के दौरान दीपिका और रणवीर ने अपने रिश्ते पर खुलकर बात की थी। उनके रिश्ते की शुरुआत कैसे हुई और कैसे रणवीर ने दीपिका को शादी के लिए प्रपोज किया, इन सबके बारे में दोनों ने बात की थी।
दोनों की लव स्टोरी संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘राम लीला’ के शूट के दौरान हुई थी। दीपिका ने रिश्ते की बात करते हुए कहा था कि शुरुआत में दोनों के बीच कोई रियल कमिटमेंट नहीं था और वह उस वक्त कई लोगों से मिलती थीं। लेकिन उनके दिल में वह जानती थी कि वह दिल से रणवीर के साथ हैं।