टीवी का पॉपुलर कॉमेडी शो ‘द कपिल शर्मा शो’ के हर किरदार पॉपुलर है। फिर चाहे वो भारती सिंह का बुआ का रोल हो या फिर कृष्णा अभिषेक का सपना का। इन्हीं चर्चित किरदारों में से एक डॉक्टर गुलाटी का रोल है। फैंस उन्हें कपिल के शो में देखने के लिए काफी समय से बेताब थे। ऐसे में अब वो इंतजार खत्म हो गया है और एक बार फिर से कपिल और सुनील ग्रोवर साथ में दर्शकों को गुदगुदाते हुए दिखाई देने वाले हैं लेकिन, इस बार वो टीवी पर नहीं बल्कि ओटीटी पर कॉमेडी का तड़का लगाने वाले हैं। इनके बीच सभी मनमुटाव खत्म हो गए हैं और दोस्ती हो गई है।

सुनील ग्रोवर और कपिल शर्मा सालों की लड़ाई के बाद एक साथ स्क्रीन पर आ रहे हैं। दोनों ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर नए प्रोजेक्ट के साथ लोगों को गुदगुदाने आ रहे हैं। नए प्रोजेक्ट का ऐलान कर दिया गया है। इसका एक प्रोमो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अपकमिंग शो का वीडियो दर्शकों के लिए काफी सरप्राइजिंग रहा। इस प्रोमो को कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। इसमें दोनों साथ में आने की बात को कह रहे हैं। इसमें सुनील किसी टूर पर जाने की बात कर रहे हैं। वो कहते हैं कि ऑस्ट्रेलिया नहीं चलेंगे। इस पर कपिल कहते हैं कि जाना तो होगा लोग इंतजार कर रहे हैं।

सुनील ग्रोवर ने कपिल के सामने रखी शर्त

इसके बाद वीडियो में आप सुनील ग्रोवर को कपिल शर्मा के सामने शर्त रखते हुए भी देख सकते हैं। वो उन्हें कहते हैं कि ऑस्ट्रेलिया प्लेन से नहीं बाय रोड चलेंगे। वीडियो में आप दोनों कॉमेडियन के साथ राजीव ठाकुर, कीकू शारदा, कृष्णा अभिषेक और अर्चना पूरन सिंह को देख सकते हैं।

2017 में फ्लाइट में हुआ था झगड़ा

मालूम हो कि कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर के बीच एक फ्लाइट में झड़प हुई थी। ये मामला 2017 का है। इसके बाद सुनील ने कॉमेडियन का शो छोड़ दिया था। ऐसे में अब कई सालों के बाद इनकी जोड़ी फिर से साथ आ रही है और इन्हें फिर से साथ में देखने के लिए फैंस काफी बेताब है। हालांकि, अभी तक उनके अपकमिंग नए प्रोजेक्ट के नाम का खुलासा नहीं हुआ है।