कॉमेडियन कपिल शर्मा अपने शो के साथ एक बार फिर कमबैक कर रहे हैं। इस बार उनके शो का नाम ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ है और ये 30 मार्च से शुरू हो रहा है। शो का प्रीमियर इस बार नेटफ्लिक्स (Netflix) पर होने वाला है। इस बार शो का फॉर्मेट काफी अलग होने वाला है और खास बात ये है कि कई साल बाद सुनील ग्रोवर शो में वापस आने वाले हैं। फैंस इस बात से काफी खुश हैं। अर्चना पूरन सिंह इस बार भी जज की कुर्सी पर नजर आने वाली हैं। कपिल शर्मा और अर्चना पूरन सिंह का पुराना नाता है और अब कपिल ने उन्हें अपना लकी चार्म बताया है।
शो के प्रमोशनल इवेंट के दौरान कपिल ने अपने साथ काम कर रहे सभी कलाकारों की तारीफ की। खासतौर पर उन्होंने सुनील ग्रोवर और अर्चना पूरन सिंह को सराहा। उन्होंने सुनील ग्रोवर की फैन फॉलोइंग के बारे में बात की।
अर्चना पूरन सिंह के बारे में बात करते हुए कपिल ने कहा, “वो हमारी लकी चार्म है। हमने साल 2013 में शो करना स्टार्ट किया था। उससे पहले मैं अर्चना जी के साथ कॉमेडी सर्कस में काम करता था। उनकी खासियत ये है कि उन्हें हर तरह का ह्यूमर समझती हैं और ये एक कला है। जब वो हमारे सामने बैठती हैं तो हम बहुत एन्जॉय करते हैं। इस शो को 11 साल हो गए हैं और मैं सभी को इसे प्यार देने के लिए धन्यवाद कहता हूं। इस बार हम और ज्यादा लेकर आने वाले हैं।”
‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ लंबे इंतजार के बाद सुनील ग्रोवर और कपिल शर्मा की जोड़ी को एक बार फिर साथ ला रहा है। साल 2017 के बाद दोनों के बीच विवाद की खबरों के बाद सुनील ने ये शो छोड़ दिया था। उनके बारे में बात करते हुए अब कपिल ने कहा है, “आप लोग सुनील पाजी को बहुत प्यार करते हो। लोगों को लगता है कि हम दोनों साल 2013 से एक साथ आए हैं, लेकिन 2009 में एक शो था हंस बलिए और मैं उन्हें वहां पहली बार मिला था। आप जानते ही हैं पूरा शो एक तरफ और इनकी फैन फॉलोइंग एक तरफ।”
बस एक और दिन के इंतजार के बाद ये शो आने वाला है और इसके पहले एपिसोड में रणबीर कपूर, नीतू कपूर नजर आने वाले हैं। शो के पहले एपिसोड का प्रोमो आ चुका है और शो हर शनिवार रात 8 बजे स्ट्रीम होगा।