साउथ स्टार सूर्या और बॉलीवुड एक्टर बॉबी देओल की फिल्म ‘कंगुवा’ (kanguva) की रिलीज का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार था। फिल्म 14 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। मूवी को क्रिटिक्स की ओर से अच्छा रिस्पांस मिला मगर इसे नेगेटिव माउथ पब्लिसिटी भी मिली, जिसका असर इसके बॉक्स ऑफिस पर पड़ता दिख रहा है। आलम ये हो गया है कि फिल्म के बजट जितनी कमाई के भी लाले पड़ गए हैं। पहले वीकेंड के शनिवार को फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी है। इसकी कमाई में दिन प्रतिदिन गिरावट दर्ज की जा रही है। ऐसे में चलिए बताते हैं फिल्म की तीसरे दिन की कमाई के बारे में…
सैकनिल्क की रिपोर्ट की मानें तो ‘कंगुवा’ तीन दिनों में 50 करोड़ की कमाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई है। इसकी आईएमडीबी रेटिंग में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। पहले इसकी रेटिंग 9/10 थी लेकिन बाद में ये घटकर 5.2/10 रह गई है। डायरेक्टर शिवा के निर्देशन में बनी फिल्म ने 24 करोड़ के साथ अपना खाता खोला था। इसके बाद दूसरे दिन यानी कि शुक्रवार को फिल्म की कमाई में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई और ये इसकी कमाई का आंकड़ा 9.25 करोड़ पर आ गिरा। इसके बाद अब बारी आई तीसरे दिन की यानी कि पहले शनिवार की। इस दिन भी फिल्म की कमाई कुछ खास नहीं रही है। सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट की मानें तो इसने 9.50 करोड़ का बिजनेस कर लिया है।
इसके साथ ही अगर फिल्म की तीनों दिन की कमाई के बारे में बात की जाए तो ये आंकड़ा 50 करोड़ से भी कम है। फिल्म ने अभी तक 42.75 करोड़ का कलेक्शन किया है। फिल्म के कलेक्शन को देखकर लगता नहीं है कि ये अपना बजट निकालने में भी कामयाब हो पाएगी। इसका अनुमानित बजट 350 करोड़ बताया जा रहा है। फिल्म को रेटिंग और अच्छे रिव्यू के बाद भी नुकसान नेगेटिव माउथ पब्लिसिटी से होता दिख रहा है। सूर्या और बॉबी देओल भी फिल्म की डूबती नैया को बचा नहीं पा रहे हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि फिल्म आने वाले बाकी दिनों पहले रविवार और वीक डेज में कितना कलेक्शन कर पाती है।
| कंगुवा | बॉक्स ऑफिस |
| पहला दिन | 24 करोड़ |
| दूसरा दिन | 9.25 करोड़ |
| तीसरा दिन | 9.50 करोड़ |
| कुल कमाई | 42.75 करोड़ |
साउथ और बॉलीवुड का कॉम्बो भी नहीं कर पाया कमाल!
‘कंगुवा’ में साउथ एक्टर के साथ बॉबी देओल हैं। वो विलेन की भूमिका में हैं। ‘एनिमल’ के बाद से एक एक्टर के स्टारडम का कद काफी बढ़ा है लेकिन, बावजूद इसके भी फिल्म की कमाई पर कोई असर नहीं पड़ पाया है। जबकि बॉबी का लुक देखने के लिए फैंस इस फिल्म के लिए काफी एक्साइटेड थे। लेकिन, रिलीज के बाद फिल्म लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाई। वहीं, बॉबी देओल के साथ ही सूर्या के अपोजिट लेडी लव के रोल में दिशा पाटनी थीं, जिन्होंने फिल्म में लाइमलाइट ही चुरा ली। फिर भी ‘कंगुवा’ के बॉक्स ऑफिस पर कोई असर नहीं पड़ा। ऐसे में मेकर्स का साउथ और बॉलीवुड का कॉम्बो फॉर्मूला फेल होता नजर आ रहा है।
