बॉलीवुड की क्वीन कही जाने वालीं एक्ट्रेस कंगना रनौत इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘इमरजेंसी’ को लेकर चर्चा में हैं। एक्ट्रेस अपनी शानदार एक्टिंग के साथ-साथ अपने बयानों को लेकर भी सुर्खियों में रहती हैं। इंडस्ट्री में पंगा गर्ल के नाम से मशहूर कंगना लगभग हर मुद्दे पर अपने विचार खुलकर व्यक्त करती हैं। इसी क्रम में एक्ट्रेस एक बार फिर सुर्खियों में हैं। कंगना ने रणबीर कपूर और आलिया भट्ट स्टारर फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ के बहाने एक बार फिर करण जौहर पर निशाना साधा है।
कंगना ने करण जौहर पर साधा निशाना
दरअसल हाल ही में द कश्मीर फाइल्स के निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने ‘ब्रह्मास्त्र’ के कलेक्शन से जुड़ी कई मीडिया रिपोर्ट्स के स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए ट्वीट किया था। अब कंगना ने विवेक के इस ट्वीट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए लिखा कि अपनी फिल्म को बड़ा दिखाने के लिए हिंदूओं के नरसंहार पर बनी फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ को नीचा दिखाने की कोशिश की जा रही है।
कश्मीर फाइल्स 10 करोड़ के बजट में बनी थी, जिसे दुनियाभर में उसकी कहानी के लिए खूब प्यार मिला था। इस तरह से तुलना करके उसको नीचा दिखाने का आपका साहस कैसे हुआ। माफिया मिनियन्स के अनुसार करण जौहर की फिल्म ने विवेक अग्निहोत्री जी की फिल्म को बुरी तरह पछाड़ा है। करण जौहर जी आप क्या चीज हो यार।
करण के हिसाब से कोई फिल्म कभी फ्लॉप नहीं हो सकती
कंगना ने अपनी एक पोस्ट में कहा कि ये कोरोना काल के बाद का वर्डिक्ट मॉडल है, जो करण जौहर को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। खैर मैं आपके बता दूं कि आमिर खान कि फिल्म ठग्स ऑफ हिंदोस्तान ने दुनियाभर में 280 करोड़ कमाए थे और उसका बजट भी 280 करोड़ ही था। लेकिन उन्होंने पीआर मशीनरी पर पैसे नहीं लगाए थे। वरना करण जौहर के मॉडल के हिसाब से तो कोई भी फिल्म फ्लॉप ही नहीं हो।
विवेक अग्निहोत्री ने कही थी यह बात
द कश्मीर फाइल्स निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने ट्वीट करते हुए कहा था कि ‘मुझे नहीं पता ‘ब्रह्मास्त्र’ ने कैसे द कश्मीर फाइल्स को पीछे छोड़ दिया है। छड़ी से, रॉड से, हॉकी से या AK-47 या पत्थर से। या फिर पेड पीआर या इन्फ्लुएंसर की मदद से। बॉलीवुड फिल्मों को एक-दूसरे के साथ मुकाबला करने देते हैं। हमें आप अकेला छोड़ दीजिए। मैं इस फालतू की रेस का हिस्सा नहीं हूं। शुक्रिया’।
