कंगना रनौत को आज (8 नवंबर 2021) को पद्मश्री अवॉर्ड (Padma Shri Award 2020) से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कंगना रनौत को प्रशस्ति पत्र के साथ पद्मश्री अवॉर्ड दिया। ऐसे में कंगना रनौत ने अपने इंस्टा अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वह उन लोगों को जवाब देती दिख रही हैं, जिन्होंने कभी उन्हें पूछा था कि ‘ये सब क्यों करती हो, पंगे क्यों लेती हो? ये तुम्हारा काम नहीं है।’
कंगना ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, ‘दोस्तों एक कलाकर होने के नाते मुझे बहुत ज्यादा प्यार, सम्मान, पुरस्कार बहुत मिले। लेकिन आज जिंदगी में पहली बार एक आदर्श नागरिक होने के नाते पद्मश्री पुरस्कार मिला है। मैं आभारी हूं इस देश की, इस सरकार की। जब मैंने छोटी सी उम्र में अपना करियर शुरू किया था तो काफी लंबे समय तक मुझे सफलता नहीं मिली थी। 8-10 सालों बाद जब मुझे सफलता मिली, तो मैंने उस सफलता का मजा न लेते हुए कई तरह की चीजों पर काम करना शुरू किया।’
कंगना ने आगे कहा- ‘मैंने फेयरनेस प्रोडक्ट्स के लिए एड करने से मना किया, आइटम गानों को मना किया। बड़े हीरोज की फिल्मों में, बड़े-बड़े प्रोडक्शन हाउस में काम करने से मना कर दिया। बहुत सारे दुश्मन भी बनाए। पैसे से ज्यादा दुश्मन बनाए।’
कंगना ने आगे कहा- ‘फिर और ज्यादा जागरूकता आई देश को लेकर तो देश को तोड़ने वाली शक्तियां फिर चाहे वो जेहादी हो या खालिस्तानी हों या दुश्मन देश हों। उनके खिलाफ आवाज उठाई। न जाने कितने केस मुझपर अभी भी हैं।’
कंगना ने आगे कहा- ‘अकसर लोग मुझसे पूछते हैं क्या मिलता है ये सब करके, क्यों करती हो? ये तुम्हारा काम नहीं है। तो उन लोगों को आज मुझे ये कहना है, ये पद्मश्री के रूप में जो मुझे सम्मान मिला है ये बहुत लोगों के मुंह बंद करेगा। दिल से मैं इस देश का धन्यवाद करती हूं।’
बता दें कंगना रनौत के अलावा सिंगर अदनान सामी को भी पद्मश्री अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। आज कुल 61 पद्मश्री अवॉर्ड दिए गए हैं। अवॉर्ड सेरेमनी के दौरान कंगना रनौत सिल्क साड़ी पहन कर अवॉर्ड लेने पहुंची थीं। वहीं कानों में बड़े झुमके पहने हुए थे। जिसमें कंगना बेहद खूबसूरत लग रही थीं।