Happy Birthday Kamal Haasan: साउथ से लेकर बॉलीवुड फिल्मों में एक्टिंग का लोहा मनवाने वाले एक्टर कमल हासन (Kamal Haasan) 70 साल के हो गए हैं। वो आज भी फिल्मों में काफी एक्टिव हैं। जबरदस्त एक्शन और यंग एक्ट्रेसेस के साथ रोमांस करते हुए नजर आते हैं। फैंस भी उनकी फिल्मों को काफी पसंद करते हैं। कमल हासन ने बहुत ही छोटी उम्र में करियर की शुरुआत कर दी थी और उनके नाम कई रिकॉर्ड दर्ज हैं। एक्शन और स्टंट के मामले में कहा जाता है कि वो जैकी चैन को टक्कर देते हैं। ऐसे में चलिए बताते हैं उनके बारे में दिलचस्प बातें…
कमल हासन भारतीय सिनेमा के ऐसे एक्टर हैं, जिन्हें सबसे ज्यादा एक्सपेरिमेंट करने के लिए जाना जाता है। फिर चाहे वो 4 मिनट की रिवर्स लिपसिंकिंग हो, या प्रोस्थेटिक मेकअप। एक्टर ने अपने करियर की शुरुआत 6 साल की उम्र में ही कर दी थी और स्क्रीन पर अपनी एक्टिंग की अलग छाप छोड़ी है। भारतीय सिनेमा में उनके नाम ऑस्कर में सबसे ज्यादा फिल्मों के नॉमिनेशन का रिकॉर्ड दर्ज है। उनकी 7 फिल्में ऑस्कर में भेजी जा चुकी हैं।
इतना ही नहीं, कमल हासन को हिंदी और साउथ फिल्मों के लिए 19 बार बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड भी मिल चुका है, जिसके बाद उन्होंने खुद इस अवॉर्ड से अपना नाम अलग कर लिया ताकि दूसरे एक्टर्स को भी ये अवॉर्ड मिल सके। उनके 6 दशक से ज्यादा के करियर में ना जाने कितने ही रिकॉर्ड दर्ज हैं। वो एक करोड़ फीस लेने पहले भारतीय एक्टर हैं।
दर्ज है सबसे ज्यादा हड्डी टूटने का रिकॉर्ड
दैनिक भास्कर में छपी खबर की मानें तो स्टंट के मामले में कमल हासन की तुलना जैकी चैन से होती रही है। यही वजह है कि उनके नाम वर्ल्ड सिनेमा में शूटिंग के दौरान सबसे ज्यादा हड्डी टूटने का रिकॉर्ड दर्ज है। बताया जाता है कि वो बॉडी डबल की बजाय खुद ही स्टंट करना पसंद करते हैं और इसकी वजह से अब तक उनकी 34 हड्डियां टूटी हैं। वहीं, जैकी चैन की 20 हड्डियां टूटी हैं।
छोटी उम्र में मिला था राष्ट्रपति अवॉर्ड
यही नहीं, कमल हासन ने पहली बार 6 साल की उम्र में राष्ट्रीय अवॉर्ड जीता था। उन्हें राष्ट्रपति अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। कमल ने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट ‘कलाथुर कनम्मा’ से करियर की शुरुआत की थी और उस समय उनकी उम्र महज 6 साल थी। इस मूवी में उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए राष्ट्रपति सम्मान दिया गया था। इसके बाद एक्टर ने 5 अन्य फिल्मों में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम किया।
अच्छी नहीं रही पर्सनल लाइफ
जहां प्रोफेशनल लाइफ में कमल हासन ने खूब नाम कमाया वहीं, उनकी निजी जिंदगी खास नहीं रही है। उन्होंने दो शादी की मगर उनके दोनों ही रिश्ते नहीं टिक पाए। कमल हासन ने पहली शादी साल 1978 में डांसर वाणी गणपति से की थी। उस समय एक्टर महज 24 साल के थे। इनका रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं टिक पाया और शादी के कुछ सालों में ही वो अलग हो गए।
पहली शादी टूटने के बाद कमल हासन एक्ट्रेस सारिका के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे। बेटी श्रुति हासन के जन्म के बाद एक्टर ने सारिका से शादी कर ली। फिर कुछ सालों के बाद बेटी अक्षरा का भी जन्म हुआ। शादी के बाद सारिका ने फिल्मों से दूरी बना ली। लेकिन, अंत में कमल हासन का ये रिश्ता भी टूट गया और साल 2004 में दोनों का तलाक हो गया। सारिका के बाद कहा जाता है कि कमल हासन ने एक्ट्रेस गौतमी को डेट किया मगर साल 2016 में ये दोनों भी अलग हो गए।