लीजेंडरी एक्टर कमल हासन 7 नवंबर को अपना 69वां जन्मदिन मना रहे हैं। कमल हासन न केवल बेहतरीन एक्टर बल्कि एक अच्छे डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और सिंगर भी हैं। कमल हासन अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर काफी चर्चा में रहे हैं। उनके नाम कई एक्ट्रेसेस के साथ जुड़े, जिनमें दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी का नाम भी शामिल है। हालांकि दोनों ने साथ में कई फिल्मों में काम किया था, इसलिए उनके लिंकअप की अफवाहें फैली थीं। लेकिन उनमें कोई सच्चाई नहीं थी।

श्रीदेवी और कमल हासन ने एक साथ कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया था। इनमें साउथ इंडियन फिल्में ‘निरम शिवप्पु’, ‘वाज़वे मायम’ और ‘मूंद्रम पिराई’ शामिल हैं। उनकी जोड़ी फिल्म ‘सदमा’ में खूब पसंद की गई थी। फैंस को ही नहीं श्रीदेवी की मां को भी ये जोड़ी खूब पसंद थी और वह चाहती थीं कि उनकी बेटी कमल हासन से शादी कर ले।

कमल हासन और श्रीदेवी की जोड़ी बड़े पर्दे की रोमांटिक जोड़ी मानी जाती थी। कमल ने श्रीदेवी को शुरू से ही काफी सपोर्ट किया था, इसलिए दोनों अच्छे दोस्त बन गए थे। दोनों साथ में काम करने में काफी कंफर्टेबल रहते थे और उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री भी निखरकर सामने आती थी। जिसके कारण जल्द ही उनके अफेयर की खबरें फैलने लगीं।

दोनों की दोस्ती देख श्रीदेवी की मां को लगता था कि कमल उनके लिए परफेक्ट लाइफ पार्टनर हैं। लेकिन वह दोस्त से ज्यादा कुछ नहीं थे तो कमल ने इस शादी से मना कर दिया था। हालांकि वह श्री को अपने परिवार का हिस्सा मानते थे। यही कारण है कि श्रीदेवी के निधन से कमल काफी दुखी थे। उन्होंने श्रीदेवी को अपना सच्चा दोस्त बताया था।

श्रीदेवी से शादी न करने के पीछे का कारण कमल हासन ने एक इंटरव्यू में बताया था। उन्होंने कहा था कि वह शादी जैसे बंधन पर विश्वास नहीं करते। हालांकि कमल हासन ने अपने जीवन में दो शादियां की और दोनों ही नहीं चली। उन्होंने साल 1978 में वाणी गणपति के साथ शादी थी जो 10 साल में ही टूट गई। दोनों 1988 में अलग हो गए। फिर उन्होंने एक्ट्रेस सारीका के साथ घर बसाया।