प्रभास के लिए साल 2023 शुरुआत में खास नहीं रहा था। फिल्म ‘आदिपुरुष’ से फैंस और दर्शकों को काफी निराशा हुई थी। फिल्म फ्लॉप साबित हुई थी। इसके बाद साल के आखिरी में ‘सालार’ को रिलीज किया गया था, जिसने कमाल ही कर दिया था। फिर चर्चा शुरू हुई नाग अश्विन की फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ को लेकर। इसकी रिलीज का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार था, जो कि अब खत्म हो चुका है। फिल्म रिलीज होते ही एक्स पर छा गई है। साइंस-फिक्शन डायस्टोपियन पर आधारित फिल्म को जबरदस्त रिस्पांस मिल रहा है। सोशल मीडिया रिव्यूज भी सामने आने लगे हैं। इसे पॉजिटिव रिस्पांस मिल रहा है और फैंस दावा कर रहे हैं कि 2000 करोड़ी फिल्म है।
नाग अश्विन द्वारा निर्देशित फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ की कहानी भगवान विष्णु के एक आधुनिक अवतार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो दुनिया को बुरी ताकतों से बचाने के लिए पृथ्वी पर अवतार लेते हैं। इसका पहला शो अमेरिकी थिएटर में चला। इसे देख फैंस गदगद हो गए। फैंस प्रभास ही नहीं दीपिका पादुकोण, अमिताभ बच्चन और कमल हासन की एक्टिंग की जबरदस्त प्रशंसा कर रहे हैं।
लोगों ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
फिल्म की रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म का पहला रिव्यू भी सामने आ गया है। एक ने लिखा, ‘फर्स्ट हाफ जबरदस्त है।’ दूसरे ने लिखा, ‘फिल्म 2000 करोड़ रुपए कमा सकती है।’ तीसरे ने फिल्म की क्लिप शेयर करते हुए लिखा, ‘वर्ल्ड ब्लॉकबस्टर।’ इसके साथ ही अमिताभ बच्चन के रोल अश्वत्थामा को लेकर एक यूजर ने लिखा, ‘यूनिवर्स में कोई भी इस रोल के लिए फिट नहीं होता है।’ वहीं, अन्य लोगों ने इसे मेगा ब्लॉकबस्टर बताया है।
इसके साथ ही ‘कल्कि 2898 एडी’ में एक महाभारत का भी सीक्वंस है। इस सीन ने दर्शकों और फैंस को काफी मंत्रमुग्ध कर दिया है। इसे ब्लॉकबस्टर ही बता दिया है। वहीं, फिल्म क्रिटिक्स की ओर से फिल्म को 5 में से 4 स्टार दिए गए हैं। इसमें प्रभास, दीपिका और अमिताभ बच्चन की एक्टिंग की लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं।
नाग अश्विन की है तीसरी फिल्म
‘कल्कि 2898 एडी’ डायरेक्टर नाग अश्विन की तीसरी फिल्म है। इसके पहले ‘येवड़े सुब्रमण्यम’ और ‘महानती’ दो हिट फिल्में दे चुके हैं। अगर इसकी कहानी की बात की जाए तो प्रभास ने फिल्म में भैरव नामक एक इनामी शिकारी का रोल प्ले किया है। जबकि कीर्ति सुरेश ने उनके एआई ड्रॉइड साइडकिक बुज्जी को आवाज दी है। ‘कल्कि 2898 एडी’ इस साल की सबसे बड़ी भारतीय फिल्म है। इसके साथ ही बताया जा रहा है कि ये इस साल की सबसे बड़ी ओपनिंग लेने वाला फिल्म बन सकती है। ऐसे में देखना होगा कि मूवी पहले दिन कितना कलेक्शन किया है।