बॉलीवुड की सेंसेशनल एक्ट्रेस परवीन बॉबी का नाम कई लोगों से जुड़ा जिनमें एक नाम कबीर बेदी का भी था। कबीर बेदी के साथ परवीन बॉबी का रिश्ता तब शुरू हुआ जब कबीर बेदी पहले से ही प्रोतिमा बेदी के साथ शादी में थे। कबीर बेदी और परवीन का रिश्ता जब टूटा तभी उनकी पहली शादी भी टूट गई। इसके बाद उन्होंने 1992 में विदेशी महिला निक्की से शादी कर ली। ये शादी भी नहीं चली और सालों बाद उनकी ज़िंदगी में दोबारा एक परवीन (दुसांज) आईं।
कबीर बेदी ब्रिटेन की परवीन दुसांज से लंदन में मिले थे। कबीर बेदी ने परवीन से कहा था कि उनकी जिंदगी में पहले से ही एक परवीन हैं तो वो अपना नाम बदल सकती हैं ताकि कोई मुश्किल न आए। कबीर बेदी ने अपनी किताब, ‘I Must Tell: The Emotional Journey Of An Actor’ के लॉन्च होने से ठीक पहले परवीन बॉबी से जुड़े अपने रिश्तों पर बात की थी और परवीन दुसांज के नाम पर भी चर्चा की थी।
उन्होंने बताया था, ‘परवीन और मैं लंदन में मिले फिर साथ में रोम गए थे। मैंने उनसे कहा कि देखो, मेरी जिंदगी में पहले से ही एक परवीन है। क्या तुम अपना नाम बदल सकती हो क्योंकि लोग कन्फ्यूज हो जाते हैं। फिर उन्होंने गुस्से में कहा था कि तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई, मेरा नाम बदलने की।’
उन्होंने आगे बताया, ‘लेकिन जब वो भारत आईं और उन्हें पता चला कि लोगों के जेहन में अब तक परवीन मेरी ज़िंदगी का बड़ा हिस्सा हैं तो मैंने उन्हें परवीन की जगह वी कहना शुरू किया।’
कबीर बेदी ने परवीन दुसांज से अपनी तीसरी शादी साल 2016 में की थी। कबीर बेदी ने अपनी किताब में खुलासा किया है कि उनके और परवीन बॉबी के रिश्ते से उनकी पत्नी कभी इनसिक्योर नहीं रहीं। बल्कि उन्होंने एक पार्टी में दोनों को साथ देखा तो उन्हें और प्रोत्साहित किया था।
उन्हें यकीन था कि कबीर बेदी उनके पास लौट आएंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ और दोनों का तलाक हो गया। इधर परवीन से भी कबीर के रिश्ते खत्म हो गए थे और परवीन महेश भट्ट के साथ रहने लगीं थीं।