आपने फिल्म में डबल रोल या एक ही एक्टर के तीन रोल देखे होंगे, मगर एक एक्टर ऐसा है जिसने एक फिल्म में लगभग सारे किरदार खुद ही निभा दिए। जी हां! ये एक साउथ एक्टर है, जिसका नाम गिनीज बुक में भी दर्ज है। साउथ फिल्म इंडस्ट्री हमेशा से ही अपने अनोखे अंदाज और दमदार एक्टिंग से दर्शकों को हैरान कर देती हैं। मगर इस इंडस्ट्री का ये एक्टर जिसने अपने काम से रिकॉर्ड कायम कर दिया। ये एक्टर रजनीकांत या कमल हासन नहीं, बल्कि कोई और है। वैसे तो कमल हासन ने भी ‘देवस्थानम’ में दस रोल निभाकर सबको हैरान किया था, लेकिन ये एक्टर कोई और है। हम बात कर रहे हैं जॉनसन जॉर्ज की, जिन्होंने एक साथ 45 किरदार निभाये थे।
बनाया था वर्ल्ड रिकॉर्ड
जॉनसन ने मलयालम फिल्म ‘आरानू न्जान’ में एक साथ 45 भूमिकाएं निभाकर इतिहास रच दिया था। ये फिल्म साल 2018 में रिलीज हुई थी और भले ही ये बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही, लेकिन अपने अनोखी प्रजेंटेशन के कारण चर्चा में रही। फिल्म का निर्देशन पीआर उन्नीकृष्णन ने किया था और इसमें जॉनसन जॉर्ज ने 45 किरदार कर अपना नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया।
‘आरानू न्जान’ में जॉनसन ने महात्मा गांधी, ईसा मसीह, स्वामी विवेकानंद और लियोनार्डो दा विंची जैसे कई ऐतिहासिक और प्रभावशाली किरदार निभाये थे। करीब 1 घंटे 47 मिनट लंबी इस फिल्म में उनके साथ जयचंद्रन थग्जीकरन और मुहम्मद नीलाम्बुर भी नजर आए थे। सिनेमा के इतिहास में कोई भी जॉनसन का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाया है। उनकी ये फिल्म मलयालम भाषा में थी, जिसकी कहानी दिमाग झकझोर कर रख देगी। इसकी कहानी आत्म-खोज और अस्तित्व के सवालों के इर्द-गिर्द बुनी गई है।
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी ग्लोब मैन के नाम से मशहूर एक व्यक्ति के बारे में है, जो दुनिया भर में घूमता है और अपने कंधे पर ग्लोब रखता है, जो उसकी पहचान और उद्देश्य का प्रतीक है। एक दिन, वो महात्मा गांधी की मूर्ति के सामने खड़ा होता है और अचानक उसे एहसास होता है कि वो गांधी बन गया है। इस अनुभव के बाद, उसे एहसास हुआ कि वह विभिन्न ऐतिहासिक और सांस्कृतिक व्यक्तित्वों को खुद में उतार सकता है। वो इसी उधेड़ बुन में रह जाता है कि आखिर वो है कौन?