वरूण धवन और अनुष्का शर्मा की फिल्म सुई धागा का रिलीज़ से पहले ही फैन्स के बीच काफी क्रेज़ है। इस क्रेज़ का काफी हद तक क्रेडिट बॉलीवुड के कुछ सेलेब्स को भी जा सकता है क्योंकि फिल्म की प्रमोशन के लिए वरूण धवन और अनुष्का शर्मा ने कई स्टार सेलेब्स को सुई में धागा डालने का चैलेन्ज दिया है। इस चैलेंज को अब तक अक्षय कुमार, शाहरूख खान, रणबीर कपूर, करण जौहर, माधुरी दीक्षित जैसे सितारे ट्राई कर चुके हैं। माधुरी के साथ ही फिल्म धड़क के डायरेक्टर शशांक खेतान मौजूद थे। उन्होंने इस चैलेंज को पूरा करने में कामयाबी पाई थी। शशांक ने इसके बाद जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर को सुई धागा चैलेंज की चुनौती दी थी। जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर ने भी इस चैलेंज को स्वीकारते हुए अपने वीडियो को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है। जाहन्वी ने शनिवार रात इस वीडियो को पोस्ट किया था। चैलेंज शुरू होने के कुछ ही सेकेंट्स के भीतर जाह्नवी ने इसे पूरा कर लिया और बड़ी बहन के जीत जाने के बाद छोटी सिस्टर ने हथियार डाल दिए।
गौरतलब है कि वरूण और अनुष्का अपनी इस फिल्म की प्रमोशन के लिए कई दिलचस्प काम भी कर रहे हैं। वरूण ने हाल ही में अपने पिता के बर्थ डे पर अपने हाथों से एक शर्ट सिल कर दी थी। लगभग तीन घंटों की मेहनत के बाद वरूण ने इस शर्ट को तैयार किया था और ये शर्ट वरूण के पिता और मशहूर डायरेक्टर डेविड धवन को एकदम फिट भी आई थी। इसके अलावा अनुष्का ने भी फिल्म के लिए खास तौर पर एंब्रॉयड्री सीखी थी।
यशराज बैनर तले बन रही फिल्म सुई धागा की शूटिंग दिल्ली और मध्यप्रदेश में हुई है। फिल्म 28 सितंबर को देश के विभिन्न सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में वरूण धवन और अनुष्का शर्मा लोअर मिडिल क्लास पति पत्नि का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी एक छोटे से शहर में रहने वाले पति-पत्नी के संघर्ष पर आधारित है। केंद्र सरकार के मेक इन इंडिया थीम से प्रभावित इस फिल्म में यह दिखलाया गया है कि कैसे एक आम इंसान अपनी इच्छाशक्ति और मेहनत के बल पर सफलताएं हासिल कर सकता है।


