जिस भी फिल्म में शाहरुख खान अपने रोमांस के जादू को चलाते हैं उस फिल्म से आप एक पल के लिए भी अपनी नजरें नहीं हटा सकते हैं। यही जादू इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी फिल्म जब हैरी मेट सेजल के नए गाने ‘हवाएं’ में आपको देखने के लिए मिलेगा। इस गाने को अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज दी है वहीं इसे प्रतीम ने कंपोज किया है। यह एक रुहानी गाना है। जिसे सुनकर आपको अपने प्यार की याद जरूर आएगी। इस गाने में आपको शाहरुख खान के दिल में अनुष्का शर्मा के लिए जो भावनाएं हैं उसकी एक झलक मिलेगी। लेकिन एक्ट्रेस खान के इस प्यार से एकदम अंजान नजर आती हैं।
इस गाने में हैरी के सेजल के साथ बिताए लम्हों को दिखाया गया है। जिसे डर है कि यह सब (प्यार) खत्म हो जाएगा। हरिंदर सेजल के लिए कुछ अच्छा करना चाहता है लेकिन एक्ट्रेस अपनी ट्रिप पर अपनी सगाई की अंगूठी ढूंढने में बिजी होती है। क्या सेजल को हैरी के प्यार के बारे में पता चल पाएगा? इसका तो पता नहीं चल पाया है लेकिन गाने के आखिर में शाहरुख काफी हक्के बक्के रह जाते हैं जब अनुष्का पीछे से आकर उन्हें हग करती हैं। ऐसा लगता है कि शायद सेजल उन्हें गुडबाय बोलने के लिए आती हैं। इम्तियाज को स्क्रीन पर एक अलग ही तरह का रोमांस पेश करने के लिए जाना जाता है। यह फिल्म 4 अगस्त को रिलीज हो रही है।
Sejal, tere hi liye saari wafayein… #Hawayein #JHMSAug4 @AnushkaSharma @RedChilliesEnt @sonymusicindia https://t.co/uMUT8E6hLu
— Shah Rukh Khan (@iamsrk) July 26, 2017
शाहरुख ने इस गाने को अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से शेयर करते हुए लिखा- सेजल तेरे ही लिए सारी वफाएं। हवाएं। वहीं अनुष्का शर्मा ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर हवाएं गाने को शेयर किया है। उन्होंने इसे शेयर करते हुए लिखा- मेरी अंगूठी खो गई और मुझे हैरी मिल गया। इस यात्रा में मेरे लिए क्या है?
कुछ दिनों पहले ही शाहरुख खान ने फिल्म में शानदार म्यूजिक देने के लिए कंपोजर प्रीतम को गिफ्ट के तौर पर गिटार दिया था। इस बात की जानकारी खुद एक्टर ने अपने सोशल मीडिया अकांउट पर दी थी। शाहरुख ने ट्वीट कर बताया था- इस गिटार का अपना सफर रहा है। फिल्म से पहले यह प्रीतम को दिया और उन्होंने इसके बदले में मुझे ‘जब हैरी मेट सेजल’ में खूबसूरत संगीत का उपहार दिया।