साल 2005 में आई सुभाष घई की फिल्म ‘किसना’ के साथ बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली एक्ट्रेस ईशा शरवानी 29 सितंबर को अपना जन्मदिन मना रही हैं। इस फिल्म में वह विवेक ओबेरॉय के साथ नजर आई थीं। इस फिल्म के जरिए उन्होंने खूब सुर्खियां बंटोरी। जिसके बाद ईशा ने ‘यू मी और हम’,’दरवाजा बंद रखो’, ‘लक बाय चांस’, ‘करीब करीब सिंगल’ जैसी फिल्मों में काम किया। लेकिन इसके बाद वह किसी फिल्म में नजर नहीं आईं।
ईशा ने भले ही बॉलीवुड से दूरी बना ली हो, लेकिन सोशल मीडिया के जरिए वह अपने फैंस से जुड़ी रहती हैं। इंस्टाग्राम पर वह कई तस्वीरें शेयर करती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह सिंगल मदर हैं। उनका एक बेटा है, जिसके साथ वह ऑस्ट्रेलिया में रहती हैं।
भले ही उनका एक्टिंग करियर ज्यादा दिन नहीं चला, लेकिन वह आज भी अपने पैशन को फॉलो कर रही हैं। ईशा एक इंडियन कंटेम्परेरी डांसर हैं जो एरियल डांस में भी महारथ हासिल कर चुकी हैं। वह इस वक्त अपने डांस पर फोकस कर रही हैं। दुनियाभर में वह लाइव डांस परफॉर्म करती रहती हैं और डांस सिखाती हैं।
क्रिकेटर से जुड़ा था ईशा का नाम
ईशा का नाम इंडियन क्रिकेटर जहीर खान के साथ जुड़ा था। 8 सालों तक दोनों के अफेयर की खबरें आती रहीं। जहीर और ईशा को अक्सर साथ में देखा जाता था, लेकिन दोनों में से किसी ने भी अपने रिश्ते की बात को स्वीकार नहीं किया था। उनकी शादी को लेकर भी कई खबरें सामने आई थीं, लेकिन साल 2012 में ये रिश्ता खत्म हो गया।
ईशा ने कई तमिल और मलयालम फिल्मों में भी काम किया है। इसके अलावा वह ‘झलक दिखला जा’ के पांचवें सीजन में भी नजर आ चुकी हैं। उनके डांस की खूब तारीफ होती थी, लेकिन शो के बीच सफर में वह जख्मी हो गईं और उन्हें शो छोड़ना पड़ा।