टीवी एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी और उनके पति विवेक दहिया की मुलाकात ‘ये है मोहब्बतें’ पर हुई थी और फिर उन्हें आपस में प्यार हो गया। साल 2016 में दोनों ने शादी कर ली और फैंस को कपल गोल देने लगे। मगर पिछले कुछ समय से दोनों के तलाक की खबरें सामने आ रही हैं, जिन पर अब विवेक दहिया ने चुप्पी तोड़ी है और दिव्यांका संग अपने रिश्ते की सच्चाई बताई है।
विवेक दहिया का इंटरव्यू वीडियो एबीपी न्यूज ने शेयर किया है, जिसमें वो अपने और दिव्यांका के तलाक की खबरों को अफवाह बता रहे हैं। उन्होंने कहा, “बहुत मजे आ रहे हैं, मैं और दिव्यांका, हम लोग हंस रहे थे। हम लोग आइसक्रीम खाते-खाते सोच रहे थे अगर और लंबा चलेगा तो पॉपकॉर्न भी मंगवा लेंगे।”
तलाक की खबर को बताया गलत
विवेक और दिव्यांका के बीच सब ठीक है और दोनों साथ में काफी खुश हैं। अब उनके तलाक की खबर क्यों सामने आ रही है, इसके बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, “मैं भी यूट्यूब व्लॉगिंग करता हूं और मुझे पता है ये क्लिकबेट क्या होता है। मैं ये सब अच्छे से समझता हूं, कुछ सनसनीखेज डाल दोगे तो लोग आएंगे और उसे देखेंगे। लेकिन, उसमें कुछ सच्चाई नहीं होती, हमें ऐसी झूठी चीजों को बढ़ावा नहीं देना चाहिए।”
बीमार हुईं दिव्यांका त्रिपाठी
तलाक की अफवाहों के बीच दिव्यांका ने अपने फैंस के साथ एक तस्वीर शेयर की है, जो थर्मामीटर की है और उसमें टेंपरेचर 102.3°F नजर आ रहा है। दिव्यांका ने बताया है कि उन्हें डेंगू हो गया है। थर्मामीटर के साथ बैकग्राउंड में दिव्यांका भी नजर आ रही हैं और बाथरोब पहनकर हेयर स्टाइलिंग करवा रही हैं। कैप्शन में उन्होंने लिखा है, “जो लोग जानना चाह रहे थे…डेंगू हो गया है, मैं ठीक हो रही हूं।” इस पोस्ट को देखने के बाद उनके फैंस उनकी जल्द रिकवरी की प्रार्थना कर रहे हैं।
बता दें कि दिव्यांका और विवेक यूट्यूब पर भी एक्टिव रहते हैं और अपने बारे में अपडेट देते रहते हैं। पिछले साल जुलाई में दोनों घूमने के लिए इटली गए थे और वहां उनके साथ लूटपाट हो गई थी, जिसमें उन्हें बड़ा नुकसान हुआ था। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…